
बच्चे के साथ सोनू निगम।
कभी-कभी एक कॉन्सर्ट सिर्फ़ संगीत का जश्न नहीं रहता, बल्कि इंसानियत का सबसे खूबसूरत उदाहरण बन जाता है। ऐसा ही एक यादगार पल कर्नाटक के हुबली में देखने को मिला, जब मशहूर सिंगर सोनू निगम अपने लाइव शो के दौरान एक खोए हुए बच्चे के लिए उम्मीद की आवाज़ बन गए। करीब 30,000 लोगों की भारी भीड़ के बीच अचानक एक छोटा सा बच्चा अपने परिवार से बिछड़ गया। डर, घबराहट और अनजाने चेहरों के बीच वह खुद को अकेला महसूस कर रहा था और तभी सोनू निगम ने स्टेज को सिर्फ परफॉर्मेंस का नहीं, बल्कि सहानुभूति और भरोसे का मंच बना दिया।
सोनू ने अपनाया अनोखा अंदाज
सोमवार को सोनू निगम ने इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसने देखते ही देखते लोगों का दिल जीत लिया। वीडियो में वह स्टेज पर एक घबराए हुए बच्चे श्री साई के साथ नजर आते हैं। बच्चे की हालत समझते हुए सोनू ने कोई सवाल-जवाब या भाषण नहीं दिया, उन्होंने वही किया, जो उन्हें सबसे बेहतर आता है- संगीत के जरिए सुकून देना। अचानक गुनगुनाते हुए, हल्की-फुल्की बातें करते हुए और मुस्कान के साथ उन्होंने बच्चे को सहज महसूस कराया। वीडियो के कैप्शन में सोनू ने लिखा कि उन्हें ढूंढ लेने के बाद शायद श्री साई खुद को पहले जितना डरा हुआ महसूस नहीं कर रहा था और यह बात सच भी नजर आई।
यहां देखें वीडियो
गाना गाकर शुरू की खोज
धीरे-धीरे सोनू ने पूरे हालात को एक मजेदार म्यूजिकल अनाउंसमेंट में बदल दिया। माइक पर गाते हुए उन्होंने भीड़ से कहा कि श्री साई के मम्मी-पापा जल्दी आ जाएं और अपने बच्चे को ले जाएं। इस अनोखे अंदाज ने माहौल को हल्का कर दिया। कॉन्सर्ट तालियों और हंसी से गूंज उठा और बच्चे के चेहरे पर भी डर की जगह मुस्कान दिखने लगी। यह वही जादू था, जो सिर्फ एक सच्चा कलाकार ही कर सकता है, जहां डर को सुरों में और बेचैनी को भरोसे में बदल दिया जाता है।
फिर कैसे मिले चाचू
मजाक का सिलसिला तब और प्यारा हो गया, जब सोनू ने बच्चे से हंसी-मजाक करते हुए पूछा कि क्या उसके मम्मी-पापा उसके बिना मस्ती कर रहे होंगे। बच्चे के मासूम जवाब कि उसके पापा वहां नहीं हैं ने सोनू को भी पल भर के लिए चौंका दिया। लेकिन उन्होंने तुरंत स्थिति संभाली और प्यार से पूछा कि फिर वह किसके साथ आया है। जवाब मिला “चाचू”। इसके बाद सोनू ने पूरे ड्रामेटिक अंदाज में चाचा को पुकारा, हल्के-फुल्के तंज कसे और पूरे मैदान को हंसी से भर दिया। यह मजाक सिर्फ मनोरंजन नहीं था, बल्कि बच्चे का ध्यान डर से हटाने की एक समझदारी भरी कोशिश थी।
वायरल हुआ वीडियो
कुछ ही देर में प्रोडक्शन टीम को श्री साई के चाचा मिल गए, लेकिन सोनू ने जल्दबाजी नहीं दिखाई। उन्होंने पूरी तसल्ली से रिश्ते की पुष्टि करवाई और तभी बच्चे को उनके हवाले किया, जिस पर दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया और फैंस ने सोनू की संवेदनशीलता, हाजिरजवाबी और इंसानियत की जमकर तारीफ की। कोई इसे “सबसे खूबसूरत वीडियो” कह रहा था तो कोई मजाक में खुद कॉन्सर्ट में खो जाने की बात कर रहा था। अपनी ‘दीवाना तेरा’ कॉन्सर्ट सीरीज के साथ देशभर में घूम रहे सोनू निगम ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ सुरों के बादशाह नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने वाले इंसान भी हैं।
ये भी पढ़ें: Lahore 1947 Release Date: Border 2 के बाद फिर पर्दे पर दम भरेंगे सनी देओल, सामने आई ‘लाहौर 1947’ की रिलीज डेट
क्या प्रकाश राज ने शूटिंग के बीच छोड़ दी ‘स्पिरिट’? अफवाहों पर एक्टर ने लगाया विराम, खुद बता दी सच्चाई
Latest Bollywood News
Read More at www.indiatv.in