जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने पांच जयचंदों का खुलासा कर दिया है. ये सभी आरजेडी से जुड़े हुए हैं. पांच जयचंदों में राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई और आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह का भी नाम है. उनका नाम आने के बाद सोमवार (09 फरवरी, 2026) को इस पर खुद सुनील कुमार सिंह ने प्रतिक्रिया दी.
‘उनकी बातों को लोग गंभीरता से नहीं लेते’
बजट सत्र के लिए विधान परिषद पहुंचे सुनील कुमार ने कहा, “तेज प्रताप जी बहुत जिम्मेदार पद पर रहे हैं. बिहार सरकार में दो-दो बार मंत्र रहे हैं, फिर भी उनकी बातों को बहुत लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं. ये सभी लोग जानते हैं. वो कब आपके साथ होंगे कब जुदा हो जाएंगे… पहले हमारी (आरजेडी) ही पार्टी में थे. अब उन्होंने अलग पार्टी बना ली है.”
‘इस तरह के बचकाना बयान पर हम…’
सुनील सिंह ने आगे कहा, “मैं आरजेडी में एक जिम्मेदार पद पर हूं. उनका इस तरह का बयान कोई पहली घटना नहीं है. उन्होंने पहले भी रघुवंश बाबू के लिए क्या कहा था कि एक लोटा पानी निकल जाने से क्या होगा. आपने (मीडिया) देखा होगा कि जब प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह थे तो उन पर ये आरोप लगा दिया कि ये हमारी हत्या करवा सकते हैं. मुकेश रोशन पर भी हत्या कराने का आरोप लगाया है. हमारे जो अभिभावक हैं जो मेरे दिल में बसते हैं लालू यादव उनके वो बड़े बेटे हैं… तो इस तरह के बचकाना बयान पर हम किसी तरह का बयान देना उचित नहीं समझते हैं.”
सुनील सिंह ने कहा कि तेज प्रताप का व्यक्तिगत मामला है. मामला क्या है नहीं ये तो कोई कानूनी रूप से तय करेगा. हमारे बोलने से तो तय नहीं होगा. इसमें मीडिया को भी खबर बेचनी नहीं चाहिए. मैं स्पष्ट तौर से बोल रहा हूं कि पहले उनको आत्ममंथन करना चाहिए कि किस तरह से बयान दे रहे हैं. ये बचकाना बयान है.
यह भी पढ़ें- तेज प्रताप के वैवाहिक रिश्तों वाले बयान पर JDU का पहला रिएक्शन, निशाने पर तेजस्वी यादव क्यों?
Read More at www.abplive.com