आज से ड्यूटी पर नहीं लौटे राजस्व सेवा के अधिकारी तो होगी ऐक्शन तय, विजय सिन्हा ने दी चेतावनी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा का ऐक्शन जारी है. उन्होंने राजस्व सेवा से जुड़े सभी अंचल अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को तत्काल अपने-अपने कार्यस्थल पर लौटने का आह्वान किया है. इसके लिए आज (सोमवार, 09 फरवरी, 2026) तक का वक्त दिया है. अगर राजस्व सेवा से जुड़े अधिकारी काम पर नहीं लौटते हैं तो ऐक्शन तय है. विजय कुमार सिन्हा ने चेतावनी दी है.

विजय सिन्हा ने कहा है कि सरकार इनकी मांगों के प्रति विचार करने के लिए प्रतिबद्ध है. उनके (विजय सिन्हा) द्वारा घोषित तीन सदस्यीय समिति की बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी. यह समिति राजस्व अधिकारियों के कार्य, अधिकार एवं दायित्वों पर विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा.

शनिवार से ही कई अधिकारियों ने दिया योगदान

कुछ दिनों पहले सरकार के स्तर पर सभी अंचल अधिकारियों से तत्काल प्रभाव से योगदान देने की अपील की गई थी. संतोष का विषय यह रहा कि बीते शनिवार (07 फरवरी, 2027) को बड़ी संख्या में अधिकारियों ने विभिन्न जिलों में अपना योगदान सुनिश्चित किया था. इस बीच एक बार फिर विजय सिन्हा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सोमवार को यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी.

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी अंचल अधिकारी राज्य सरकार द्वारा संचालित एग्रीस्टैक महाअभियान, ई-मापी महाभियान एवं राजस्व महाअभियान के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निष्पादित करें. इन अभियानों के सीधा लाभ राज्य की जनता को मिलेगा, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही उचित नहीं है.

उन्होंने राज्य के सभी हल्का कर्मचारियों से अपील की है कि वे किसी भी बहकावे में न आकर जनता के विश्वास पर खरा उतरें और पूर्व के उत्साह एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. 31 मार्च तक जिस स्तर पर सुधार का लक्ष्य तय किया गया है उसकी अच्छी उपलब्धि पर सभी को फायदा मिलेगा. 

यह भी पढ़ें- PM मोदी से मिलेंगे तेज प्रताप यादव, अनुष्का संग रिश्तों को किया खारिज, बोले- ‘आदमी फांसी…’

Read More at www.abplive.com