‘टेक्सास के कुछ मॉल में जाना पाकिस्तान में… ‘, अमेरिकी सांसद ब्रैंडन गिल के बयान से मचा बवाल

अमेरिका में एक सांसद के बयान से बवाल मच गया है. रिपब्लिकन सांसद ब्रैंडन गिल ने अपने गृह राज्य के कुछ हिस्सों में इस्लामीकरण होने का दावा कर विवाद खड़ा कर दिया है. उन्होंने कहा कि टेक्सास के कुछ मॉल में जाना डलास में नहीं बल्कि पाकिस्तान में होने जैसा लगता है.

उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘इस्लामी प्रवासन उस अमेरिका को खत्म कर रहा है जिसे हम जानते और प्यार करते हैं’, कैप्शन से वीडियो शेयर किया, जिसमें गिल ने आरोप लगाया कि डलास के कुछ हिस्सों में जनसांख्यिकीय परिवर्तनों ने स्थानीय मोहल्लों के सांस्कृतिक चरित्र को काफी हद तक बदल दिया है.

सांसद ब्रैंडन गिल ने क्या कहा 
रिपब्लिकन सांसद ब्रैंडन गिल ने कहा कि मुझे अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से लगातार शिकायतें मिलती रहती हैं जो डलास क्षेत्र के इस्लामीकरण को लेकर बेहद चिंतित हैं. वे उन मस्जिदों के बारे में सुन रहे हैं जो उनकी पीढ़ियों से चली आ रही जमीन के पास बन रही हैं. मस्जिदों के निर्माण और बड़ी संख्या में मुस्लिम आबादी बढ़ने से जनसांख्यिकीय परिवर्तन हो रहा है. 

पाकिस्तान का जिक्र कर क्या बोले
उन्होंने आगे कहा, “जब आप अपने मतदाताओं को अपने स्थानीय मॉल में जाने की बात करते हुए सुनते हैं और आप चारों ओर देखते हैं तो ऐसा लगता है कि आप डलास, टेक्सास में नहीं बल्कि पाकिस्तान में हैं. यह एक समस्या है. आप देख रहे हैं कि हमारे समुदाय, हमारी संस्कृति, वह जगह जिसे हम जानते हैं और प्यार करते हैं, मौलिक रूप से बदल रही है.”

टेक्सास में मुस्लिम समुदाय के सदस्यों सहित कई लोगों ने सांसद की टिप्पणियों को अलगाववादी और राज्य की संस्कृति का प्रतिनिधित्व न करने वाला बताया. उन्होंने कहा कि यह अनुचित रूप से मुस्लिम अमेरिकियों को निशाना बनाना जैसा है. टेक्सास टेक यूनिवर्सिटी हेल्थ साइंसेज सेंटर में कार्यरत पाकिस्तानी मूल के डॉक्टर हाशिम सरवर ने गिल की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अपने अभियान के लिए धन जुटाते समय पाकिस्तानी समुदाय के सदस्यों के साथ पोज दे रहे थे.

ये भी पढ़ें

‘अब गृह मंत्रालय करेगा जांच…’, गौरव गोगोई के पाकिस्तान लिंक मामले को लेकर बोले हिमंत बिस्वा सरमा

Read More at www.abplive.com