‘कनाडा की सड़कों पर बीती रात, गैस स्टेशन पर किया काम,’ सिंगर एपी ढिल्लों ने कपिल के शो पर याद किए स्ट्रगल के दिन

द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 4 के लेटेस्ट एपिसोड में ग्लोबल स्टार एपी ढिल्लों और अनुभव बस्सी गेस्ट के तौर पर शामिल हुए. इस दौरान एपी ने अपने शुरुआती दिनों और कनाडा में मुश्किल समय के बारे में खुलकर बताया. एपी ने कहा कि जब वो पहली बार कनाडा पहुंचे थे, तो उनके पास होटल में रुकने के लिए क्रेडिट कार्ड नहीं था, इसलिए उन्हें दो रातों तक सड़क पर ही सोना पड़ा.

एपी ढिल्लों ने याद किए स्ट्रगल के दिन
होस्ट कपिल शर्मा ने उनसे पूछा कि लाइफ का सबसे मुश्किल समय कौन सा था. एपी ने बताया, ‘सबसे कठिन समय तब था जब मैं पहली बार कनाडा पहुंचा. मेरे पास रुकने के लिए जगह नहीं थी. मेरे पिता ने कुछ पैसे दिए, लेकिन मैं किसी अमीर घर में पैदा नहीं हुआ था. उस समय मेरे पास क्रेडिट कार्ड भी नहीं था.’

उन्होनें आगे कहा, ‘मैं होटल गया और कहा कि मेरे पास इतने पैसे हैं, क्या मैं रुक सकता हूं? उन्होंने क्रेडिट कार्ड मांगा और मैंने पूछा कि ये क्या होता है? उन्होंने कमरे देने से मना कर दिया. फिर मैं होटल के सामने ही सो गया. मुझे बहुत जोर का जेट लैग भी था. मेरे फ्लाइट एजेंट ने ऐसी फ्लाइट बुक की थी जिसमें 5 स्टॉपओवर थे.’

इंडियन कपल ने की मदद
एपी ढिल्लों ने आगे बताया कि कैसे एक इंडियन कपल ने उनकी मदद की. उन्होंने कहा, ‘पहली रात तो गुजर गई, लेकिन दूसरी रात मैं सड़क पर ही था. तभी एक इंडियन लड़की आई और मुझसे पूछा कि तुम बाहर क्यों बैठे हो? मैंने कहा मेरे पास क्रेडिट कार्ड नहीं है, इसलिए होटल वाला कमरे नहीं दे रहा. फिर उसने अपने बॉयफ्रेंड से कहा कि वो अपना क्रेडिट कार्ड दे दे. वो आया और मुझसे बोला, ‘भाई, कुछ मत चुराना या तोड़ना, वरना मुझे चार्ज कर देंगे.’ मैंने कहा, ‘कोई बात नहीं भाई.’

सपने पूरे करने के लिए छोटे-मोटे काम
एपी ने बताया कि उन्होंने अपने सपने पूरे करने के लिए कितने छोटे-मोटे काम किए और हमेशा मेहनत की. कॉलेज शुरू होने के बाद धीरे-धीरे उन्होंने क्रेडिट कार्ड भी बनवाया. उन्होंने गैस स्टेशन, कॉन्वीनियंस स्टोर और अपनी आखिरी नौकरी Best Buy में की. रोज 10-12 घंटे काम करके कॉलेज जाते थे और अपने किराए, खाने-पीने और बाकी खर्चों को संभालते थे.

एपी ने ये भी बताया कि उन्होंने अपने किराए के अपार्टमेंट में एक छोटा कोना बनाया, जहां वह सिर्फ अपने म्यूजिक पर फोकस कर सकें. उन्होंने कहा, ‘जिस घर में मैं रहता था, उसमें एक छोटा गैरेज था, कार के लिए पर्याप्त. मैंने वहां एक कमरा रेंट पर लिया, थोड़ा पैसा बचाया, Home Depot गया और 10×6 का छोटा कमरा प्लाईवुड से बनाया, उसमें दरवाजा भी लगाया और म्यूजिक सीखना शुरू किया. मैंने कभी हार नहीं मानी.’

आज हैं करोड़ो के मालिक
बता दें, कनाडाई सिंगर-रैपर, जिन्होंने शुरुआती दिनों में काफी मुश्किलें देखीं, अब रिपोर्ट्स के मुताबिक  लगभग 83 करोड़ की नेट वर्थ के मालिक हैं और यूट्यूब पर उनकी गानों को लाखों व्यूज मिलते हैं.

Read More at www.abplive.com