Russia Knife Attack: दीवार पर खून से बनाया निशाना और…, कौन है स्पैरोस क्रू जिसने रूस में भारतीय छात्रों पर चाकू से किया हमला?

रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में शनिवार को एक सनसनीखेज हमला हुआ. विदेशी छात्रों के लिए बने इस हॉस्टल में 15 वर्षीय किशोर ने अचानक चाकू से हमला कर दिया, जिसमें चार भारतीय छात्रों सहित कम से कम छह लोग घायल हो गए. इस हमले में दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं.

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर किशोर ने हमला करते समय होलोकॉस्ट से जुड़े राष्ट्रवादी और घृणास्पद नारे लगाए. रूसी मीडिया चैनल ‘बाज़ा’ के अनुसार, आरोपी एक हिंसक नव-नाजी संगठन से जुड़ा हुआ था, जो चरमपंथी विचारधारा को बढ़ावा देता है. इस संगठन को रूस के सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2021 में आतंकी संगठन घोषित किया था.

नव-नाजी संगठन से जुड़ा था आरोपी

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आरोपी ‘नेशनल सोशलिज़्म / व्हाइट पावर क्रू’ नामक संगठन से जुड़ा था, जिसे ‘स्पैरोस क्रू’ के नाम से भी जाना जाता है. यह संगठन पहले भी पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर हमलों से जुड़ा रहा है. चर्चित रूसी पत्रकार अन्ना पोलितकोव्स्काया पर हुए हमले से भी इस समूह का नाम जोड़ा गया था.

हॉस्टल की दीवार पर खून से बना स्वस्तिक चिन्ह

बाजा चैनल की तरफ से जारी किए गए वीडियो में हॉस्टल की दीवार पर बना स्वस्तिक चिन्ह भी दिखाया गया है, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि वह एक पीड़ित के खून से बनाया गया था. इस दृश्य ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी और विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया.

पुलिस गिरफ्तारी के दौरान भी किया हमला

रूस के गृह मंत्रालय के अनुसार, आरोपी ने हॉस्टल में कई छात्रों पर चाकू से हमला किया. जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो उसने विरोध किया और इस दौरान दो पुलिस अधिकारियों को भी चाकू मार दिया. गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क के अनुसार, आरोपी ने खुद को भी गंभीर चोटें पहुंचाईं.

घायलों की हालत और स्वास्थ्य मंत्रालय की जानकारी

रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है, जबकि तीन अन्य की स्थिति स्थिर लेकिन मध्यम गंभीरता की है. हमलावर किशोर को भी गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

ऊफा में उच्चस्तरीय जांच शुरू

यह घटना ऊफा शहर में हुई, जो मॉस्को से लगभग 1,200 किलोमीटर पूर्व में स्थित है और बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी है. स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे की कट्टरपंथी सोच और विदेशी छात्रों की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी.

Read More at www.abplive.com