PhysicsWallah Q3 Results : एडटेक कंपनी के दमदार नतीजे! प्रॉफिट-रेवेन्यू में तगड़ा उछाल, शेयरों पर रहेगी नजर – physicswallah q3 results fy26 profit revenue surge online offline growth share price after listing in focus

PhysicsWallah Q3 Results : एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला (PhysicsWallah) ने मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 33% बढ़कर ₹102.3 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹76.7 करोड़ था। पिछली तिमाही यानी Q2 में कंपनी का मुनाफा ₹69.7 करोड़ रहा था। इसका मतलब है कि तिमाही आधार पर भी ग्रोथ बनी हुई है।

रेवेन्यू में भी मजबूत ग्रोथ

नोएडा स्थित PhysicsWallah का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 34% बढ़कर ₹1,082.4 करोड़ पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में रेवेन्यू ₹809.7 करोड़ था। वहीं पिछली तिमाही में कंपनी ने ₹1,051.2 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया था, यानी टॉपलाइन में लगातार बढ़त देखने को मिल रही है।

खर्च बढ़े, लेकिन ग्रोथ के साथ

PhysicsWallah का दिसंबर तिमाही में कुल खर्च 33% बढ़कर ₹979.9 करोड़ हो गया, जो पिछले साल ₹738.3 करोड़ था। हालांकि, पिछली तिमाही की तुलना में खर्च घटा है, क्योंकि Q2 में कुल खर्च ₹999.6 करोड़ रहा था।

ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों में तेजी

PhysicsWallah के मुताबिक, ऑनलाइन बिजनेस में मजबूत ट्रैक्शन बना हुआ है। मौजूदा वित्त वर्ष के शुरुआत 8 महीनों में ऑनलाइन एनरोलमेंट्स 39.6 लाख से ज्यादा रहे, जो सालाना आधार पर 20% की बढ़ोतरी है।

वहीं ऑफलाइन सेगमेंट में ग्रोथ और तेज रही, जहां 9 महीने में एनरोलमेंट्स 36% बढ़े। यह ग्रोथ देशभर में मौजूद फिजिक्सवाला के 318 ऑफलाइन सेंटर्स के जरिए आई, जिनकी स्थिति 31 दिसंबर 2025 तक की है।

PhysicsWallah का AI पर फोकस जारी

फिजिक्सवाला ने कहा कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में लगातार निवेश कर रही है। कंपनी AI Guru, Ask AI, AI Grader, AI Mentor और AI Books जैसे इनिशिएटिव्स पर काम कर रही है, ताकि स्टूडेंट और टीचर बड़े स्तर पर इन टूल्स का इस्तेमाल कर सकें।

PhysicsWallah के शेयरों का हाल

फिजिक्सवाला का शेयर 5 फरवरी को BSE पर 0.21% फिसलकर ₹121.70 पर बंद हुआ। यह 1 महीने में 6.06% टूटा है। वहीं, पिछले साल नवंबर में लिस्टिंग के बाद से 21.59% नीचे आया है। कंपनी का मार्केट कैप 34.79 हजार करोड़ रुपये है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Read More at hindi.moneycontrol.com