
LIC December Quarter Results: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 17.4 प्रतिशत बढ़कर 12930.44 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 11008.65 करोड़ रुपये था। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि इस बीच नेट प्रीमियम इनकम भी एक साल पहले से 17.4 प्रतिशत बढ़कर 125988.15 करोड़ रुपये हो गई। दिसंबर 2024 तिमाही में यह 107302.30 करोड़ रुपये थी।
LIC में दिसंबर 2025 के आखिर तक सरकार के पास 96.50 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी का मार्केट कैप 5.31 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। कुल आय भी दिसंबर 2025 तिमाही में बढ़कर 2,33,984 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,01,994 करोड़ रुपये थी। LIC का नए कारोबार से प्रीमियम चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 10,605 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 7,285 करोड़ रुपये था।
5 फरवरी को LIC का शेयर BSE पर 0.65 प्रतिशत बढ़त के साथ 840.45 रुपये पर बंद हुआ। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर 3 साल में 40 प्रतिशत चढ़ा है। 2 साल में 16 प्रतिशत नीचे आया है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 980.05 रुपये और एडजस्टेड लो 715.35 रुपये है।
शेयर बाजार में गिरावट
वैश्विक शेयर बाजारों के कमजोर रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार लगातार तीन सत्रों की बढ़त के बाद गुरुवार को गिरावट में बंद हुए। सेंसेक्स 503.76 अंक या 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,313.93 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 133.20 अंक या 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,642.80 पर बंद हुआ। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी करीब 4 प्रतिशत लुढ़क गया। जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट भी नुकसान में बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ।
Read More at hindi.moneycontrol.com