Tata Power Q3 Results: टाटा ग्रुप की कंपनी का मुनाफा अनुमान से बेहतर, फोकस में रहेगा स्टॉक – q3 results tata power profit beats estimates despite revenue ebitda decline stock in focus

Tata Power Q3 Results: टाटा ग्रुप की टाटा पावर कंपनी लिमिटेड ने तीसरी तिमाही (Q3) में मिले-जुले नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर हल्का बढ़कर ₹1,194 करोड़ रहा। यह पिछले साल इसी तिमाही में ₹1,187 करोड़ था। ये आंकड़ा बाजार के अनुमान से बेहतर रहा। हालांकि, रेवेन्यू और EBITDA में गिरावट देखने को मिली।

रेवेन्यू और EBITDA में गिरावट

दिसंबर तिमाही में Tata Power का रेवेन्यू 9.4% घटकर ₹13,948 करोड़ रह गया, जो अनुमान से कम रहा। वहीं, EBITDA 9% की गिरावट के साथ ₹3,055 करोड़ रहा। इसके बावजूद, EBITDA मार्जिन 21.9% पर बना रहा। यह उम्मीदों के मुताबिक है और पिछले साल की समान तिमाही से थोड़ा बेहतर भी।

क्लीन एनर्जी में मजबूत एग्जिक्यूशन

ऑपरेशनल मोर्चे पर तिमाही के दौरान कंपनी के क्लीन एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर बिजनेस में अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला। Tata Power ने इस तिमाही में 919 मेगावॉट के यूटिलिटी-स्केल रिन्यूएबल प्रोजेक्ट्स को कमीशन किया, जिनमें कंपनी के अपने और थर्ड-पार्टी एसेट्स दोनों शामिल हैं। इसके साथ ही, कंपनी ने 357 मेगावॉट की इन-हाउस यूटिलिटी-स्केल रिन्यूएबल क्षमता भी जोड़ी।

मैन्युफैक्चरिंग में रिकॉर्ड उत्पादन

मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशंस ने तिमाही के दौरान नई ऊंचाइयां छूईं। कंपनी ने 962 मेगावॉट सोलर सेल्स और 990 मेगावॉट सोलर मॉड्यूल्स का उत्पादन किया, जिसमें 95% से ज्यादा की इंडस्ट्री-लीडिंग यील्ड हासिल हुई। मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से मिलने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर 26% बढ़ा, जबकि EBITDA और मुनाफा दोगुने से ज्यादा हो गए। इसका फायदा कम इनपुट लागत और बेहतर यील्ड से मिला।

रूफटॉप सोलर और EV चार्जिंग में तेजी

Tata Power का रूफटॉप सोलर बिजनेस भी मजबूत रहा। FY26 के पहले नौ महीनों में कंपनी ने रिकॉर्ड 1 GWp का एग्जिक्यूशन किया। इसी के साथ, कंपनी ने अपने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी नेटवर्क का विस्तार किया और तिमाही के अंत तक 5,743 पब्लिक और कैप्टिव EV चार्जिंग पॉइंट्स स्थापित कर दिए।

ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेगमेंट की प्रगति

ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेगमेंट में कंपनी ने 400 kV कोटेश्वर-ऋषिकेश ट्रांसमिशन लाइन को सफलतापूर्वक कमीशन किया।

इसके अलावा, SJVN के लिए 1 GW का DCR-कम्प्लायंट सोलर EPC प्रोजेक्ट भी पूरा किया गया। ओडिशा की DISCOM कंपनियों में टैक्स के बाद मुनाफा 163% सालाना बढ़ा, वहीं AT&C लॉसेस में भी गिरावट दर्ज की गई।

Tata Power के शेयरों का हाल

नतीजों से पहले NSE पर Tata Power के शेयर 1.6% की तेजी के साथ 371.30 रुपये पर बंद हुए थे। पिछले 6 महीने में स्टॉक 4.15% गिरा है। वहीं, 1 साल में 2.49% ऊपर गया है। टाटा पावर का मार्केट कैप 1.19 लाख करोड़ रुपये है।

Q3 Results: टाटा ग्रुप की कंपनी को ₹510 करोड़ का मुनाफा, मार्जिन में बड़ा सुधार; शेयरों पर रहेगी नजर

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Read More at hindi.moneycontrol.com