Bitcoin Crash: 70% क्रैश होगी बिटकॉइन, फिर $22000 तक आएगा भाव? जानिए एक्सपर्ट ने क्यों दी चेतावनी – bitcoin crash warning 70 percent fall to 22000 dollar liquidity crisis strategy microstrategy cryptoquant analysis

Bitcoin Crash: बिटकॉइन में हाल की गिरावट को टेक्निकल चार्ट फेलियर की बजाय लिक्विडिटी की कमी के तौर पर देखा जा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि पिछली तेजी नए पैसे के लगातार आने से बनी थी, लेकिन अब वही फ्लो रुक गया है। इसी वजह से बाजार दबाव में दिख रहा है।

मंगलवार, 4 फरवरी को बिटकॉइन करीब 1% की गिरावट के साथ 74,832 पर ट्रेड कर रही है। यह चर्चित एसेट पिछले 5 दिन में 11.04% और 1 महीने में 18.10% टूट चुकी है। वहीं, पिछले 6 महीने के दौरान इसमें 34.76% की गिरावट आई है। यह फिलहाल अपने ऑल टाइम हाई यानी $1,26,198 से करीब 40% नीचे है।

बिटकॉइन क्रैश की वजह क्या है?

CryptoQuant के CEO Ki Young Ju के मुताबिक, बिटकॉइन में अभी भी बिकवाली जारी है, लेकिन नया पैसा बाजार में नहीं आ रहा। उन्होंने बताया कि Realized Cap अब फ्लैट हो चुका है, यानी बाजार में अतिरिक्त पूंजी का आना बंद हो गया है। ऐसे हालात में अगर Market Cap गिरता है, तो इसे बुल मार्केट नहीं कहा जा सकता।

उनका कहना है कि मुनाफावसूली काफी समय से चल रही थी, लेकिन ETF और MSTR जैसी बड़ी खरीदारी उसे absorb कर रही थी। शुरुआती निवेशक बड़े अनरियलाइज्ड गेन पर बैठे थे और पिछले साल से धीरे-धीरे प्रॉफिट बुक कर रहे थे। मजबूत इनफ्लो की वजह से ही बिटकॉइन करीब 1 लाख डॉलर के आसपास टिका रहा। अब वही इनफ्लो सूख गया है।

बिटकॉइन में 70% जैसा बड़ा क्रैश आएगा?

बिटकॉइन कई बार 70% या इससे अधिक क्रैश हो चुका है। ऐसा आखिरी बार 2021-2022 में हुआ था। इस क्रिप्टो विंटर के दौरान बिटकॉइन ने नवंबर 2021 में करीब $69,000 का ऑल टाइम हाई बनाया था। लेकिन, नवंबर 2022 तक फिसलकर लगभग $15,500 तक आ गया। इस दौरान बिटकॉइन में करीब 77% की गिरावट दर्ज हुई।

Ki Young Ju का मानना है कि पिछले साइकल्स जैसा 70% का डीप क्रैश अपने आप नहीं आएगा। ऐसा तभी मुमकिन होगा जब Strategy (पहले MicroStrategy) जैसी बड़ी बिटकॉइन-होल्डिंग कंपनी अपनी भूमिका बदल दे। अगर बिटकॉइन 70% क्रैश होता है, तो यह $22000 तक आ सकता है। अगर ऑल टाइम से 70% क्रैश देखें, तो कीमत $37,859 तक आ सकती है।

Ki Young Ju के मुताबिक, अगर माइकल सेलर (Michael Saylor) की कंपनी Strategy बड़े खरीदार से आक्रामक विक्रेता बन जाती है, तभी वैसा क्रैश देखने को मिल सकता है। यानी यह एक शर्त है, तय नतीजा नहीं।

बिटकॉइन में बॉटम बना है या नहीं

Ki का साफ कहना है कि बिटकॉइन मार्केट ने अभी लो या बॉटम कन्फर्म नहीं किया है। बिकवाली का दबाव बना हुआ है। हालांकि, उनकी बेस केस सोच यह है कि बाजार में तेज गिरावट की बजाय लंबा साइडवेज फेज देखने को मिल सकता है। कीमतें उतार-चढ़ाव करेंगी, लेकिन नए खरीदार आए बिना मजबूत ट्रेंड नहीं बनेगा।

स्टेबलकॉइन लिक्विडिटी भी चिंता का संकेत

CryptoQuant के एनालिस्ट Darkfost ने बताया कि स्टेबलकॉइन एक्टिविटी, जिसे क्रिप्टो मार्केट की शॉर्ट-टर्म लिक्विडिटी का संकेत माना जाता है, उसमें तेज गिरावट आई है। उनके मुताबिक, बाजार इस समय ऊंची अनिश्चितता और लिक्विडिटी की संरचनात्मक कमी के दौर से गुजर रहा है, जो रिस्क लेने के लिए अनुकूल माहौल नहीं है।

उन्होंने बताया कि 2023 से स्टेबलकॉइन मार्केट में करीब 140 अरब डॉलर की ग्रोथ हुई थी, लेकिन दिसंबर के बाद कुल सप्लाई घटने लगी, जिससे लंबा ग्रोथ फेज खत्म होता दिख रहा है।

एक्सचेंज फ्लो क्या संकेत दे रहे हैं

Darkfost के मुताबिक, एक्सचेंज पर स्टेबलकॉइन इनफ्लो आमतौर पर यह दिखाता है कि निवेशक बाजार में एंट्री लेना चाहते हैं, जबकि आउटफ्लो यह संकेत देता है कि निवेशक पूंजी की सुरक्षा पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।

उन्होंने अक्टूबर को आखिरी मजबूत लिक्विडिटी वाला महीना बताया, जब औसत मासिक स्टेबलकॉइन नेट इनफ्लो 9.7 अरब डॉलर से ज्यादा था। इसमें से करीब 8.8 अरब डॉलर Binance पर केंद्रित था। नवंबर के बाद ये इनफ्लो लगभग खत्म हो गए। पहले 9.6 अरब डॉलर की गिरावट आई, फिर थोड़ी स्थिरता दिखी और उसके बाद 4 अरब डॉलर से ज्यादा का नया नेट आउटफ्लो सामने आया, जिसमें 3.1 अरब डॉलर अकेले Binance से निकला।

Types of Cryptocurrencies: 5 तरह की होती हैं क्रिप्टोकरेंसीज, कितनों के बारे में जानते हैं आप?

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

Read More at hindi.moneycontrol.com