India-Pak T20 World Cup: 2300 करोड़ का नुकसान, भारत-पाकिस्तान मैच के बायकॉट पर गुस्से में पाकिस्तानी, बोले- ‘हमारे बिना…’

T-20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया है. इसको लेकर माहौल गरमाया हुआ है. इस बीच पाकिस्तानी महिला यूट्यूबर सना अमजद ने आवाम के बीच जाकर उनसे प्रतिक्रिया ली. उन्होंने सवाल किया कि अगर पाकिस्तान सच में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है तो इसका क्या असर पड़ेगा. इस पर एक शख्स ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच की कीमत करीब 2300 करोड़ रुपये बताई जा रही है. अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है और 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता तो इसे लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा और उसे जुर्माने के तौर पर 2300 करोड़ देने होंगे. हालांकि, इसके बावजूद पाकिस्तानी आवाम का कहना है कि पाकिस्तान का बॉयकॉट का फैसला बिल्कुल सही है.

एक पाकिस्तानी शख्स ने ICC पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा समय में आईसीसी निष्पक्ष संस्था की तरह काम नहीं कर रही, बल्कि वह इंडियन क्रिकेट काउंसिल बनकर रह गई है. वजह यह बताई जाती है कि ICC की कमाई का बड़ा हिस्सा भारतीय क्रिकेट बोर्ड से आता है. इसी कारण दूसरे क्रिकेट बोर्डों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता. पाकिस्तानी शख्स ने कहा कि इज्जत और आत्मसम्मान से जुड़ा फैसला है और आने वाले समय में आईसीसी को यह मानना पड़ेगा कि पाकिस्तान के बिना क्रिकेट अधूरा है.

भारतीय ब्रॉडकास्टर्स को होगा नुकसान

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच की कीमत करीब 2300 करोड़ रुपये बताई जा रही है. पाकिस्तानी आवाम का कहना है कि पाकिस्तान के बहिष्कार करने से आईसीसी से मिलने वाली टूर्नामेंट की रकम में कुछ कटौती हो सकती है. उदाहरण के तौर पर, अगर पाकिस्तान को 50 करोड़ मिलने थे तो शायद 35 करोड़ मिलें, लेकिन इसे बहुत बड़ा नुकसान नहीं मान रहे हैं. असल नुकसान आईसीसी और भारतीय ब्रॉडकास्टर्स को होने की बात कही जा रही है, जिन्होंने भारत-पाकिस्तान मैच के लिए भारी निवेश किया है. बताया जाता है कि इस मैच के हर मिनट का विज्ञापन करोड़ों में बिकता है. पाकिस्तान का तर्क है कि यह टूर्नामेंट उसका घरेलू टूर्नामेंट नहीं है, इसलिए आर्थिक नुकसान सीमित रहेगा.

ये भी पढ़ें: Global Firepower 2026: अमेरिका टॉप पर, पाकिस्तान की हालत खराब… ताकतवर सेना के मामले में भारत कहां?

Read More at www.abplive.com