उत्तर प्रदेश आगरा की भगवान नगर कॉलोनी में दबंग युवकों के डर से दहशत का माहौल बना हुआ है. कॉलोनी के 40 से अधिक मकानों पर ‘मकान बेचना है’ के पोस्टर लगे नजर आ रहे हैं. लगातार हो रही परेशानियों के चलते कई परिवार अपने घर बेचने को मजबूर हो रहे हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दबंग युवक आए दिन विवाद और मारपीट करते हैं. आरोप है कि ये युवक लगातार धमकाते रहते हैं और विरोध करने पर झगड़ा व मारपीट करते हैं. कॉलोनी के कई परिवारों का कहना है कि बच्चों और महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. रोज किसी न किसी बात पर विवाद हो जाता है और माहौल खराब रहता है. इसी वजह से कई मकानों के बाहर ‘मकान बेचना है’ के पोस्टर लगा दिए गए हैं.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस पूरे मामले की शिकायत पहले भी पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लोगों के मुताबिक शिकायत के बाद भी दबंग युवकों के हौसले बढ़ गए और धमकियां जारी रहीं. मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने में जुटी रही. पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए जांच का भरोसा दिया है. बताया जा रहा है कि यह मामला थाना कमला नगर क्षेत्र के भगवान नगर का है.
पारिवारिक विवाद निकला असली कारण
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि जांच में सामने आया है कि सितारा बेगम नाम की एक विधवा महिला के मकान में शहजाद नाम का व्यक्ति रहता है. सितारा बेगम चाहती हैं कि उनका मकान शहजाद और उसके बच्चों से खाली कराया जाए. इस पर शहजाद ने पुलिस को बताया है कि वह इस मकान में नहीं रहेगा और अपने परिवार के साथ यहां से चला जाएगा. एसीपी ने कहा कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा था और दोनों पक्षों में बातचीत कर समझौता करा दिया गया है. फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
Read More at www.abplive.com