Global Firepower 2026: अमेरिका टॉप पर, पाकिस्तान की हालत खराब… ताकतवर सेना के मामले में भारत कहां?

Global Firepower Rankings: दुनिया भर में जारी भू-राजनीतिक तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच देश अपनी रक्षा रणनीतियां और मजबूत कर रहे हैं. इसी बीच ग्लोबल फायरपावर (Global Firepower) ने साल 2026 की मिलिट्री स्ट्रेंथ रैंकिंग जारी की है, जिसमें 145 देशों की सैन्य ताकत का आकलन किया गया है. यह रैंकिंग 60 से ज्यादा अलग-अलग पैमानों के आधार पर तैयार की गई है, जिनसे हर देश का पावर इंडेक्स यानी PwrIndx स्कोर तय होता है.

जानें क्या है नियम

ग्लोबल फायरपावर के मुताबिक, किसी भी देश के लिए परफेक्ट PwrIndx स्कोर 0.0000 माना जाता है, लेकिन मौजूदा फॉर्मूले के तहत ऐसा स्कोर हासिल करना हकीकत में संभव नहीं है. नियम ये है कि जितना छोटा PwrIndx स्कोर होगा, उस देश की पारंपरिक सैन्य ताकत उतनी ही ज्यादा मानी जाएगी.

अमेरिका बना नंबर 1

2026 की रैंकिंग में अमेरिका ने एक बार फिर दुनिया की सबसे ताकतवर सेना का तमगा बरकरार रखा है. अमेरिका का PwrIndx स्कोर 0.0741 रहा और वह 2005 से लगातार पहले नंबर पर बना हुआ है. दूसरे नंबर पर रूस रहा, जिसका स्कोर 0.0791 दर्ज किया गया, जबकि चीन 0.0919 स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहा.

यहां देखें लिस्ट

रैंक देश क्षेत्र पावर इंडेक्स स्कोर 2025 की तुलना
1 संयुक्त राज्य अमेरिका उत्तरी अमेरिका 0.0741 2005 से नंबर 1
2 रूस पूर्वी यूरोप 0.0791 कोई बदलाव नहीं
3 चीन पूर्वी एशिया 0.0919 कोई बदलाव नहीं
4 भारत दक्षिण एशिया 0.1346 कोई बदलाव नहीं
5 दक्षिण कोरिया पूर्वी एशिया 0.1642 कोई बदलाव नहीं
6 फ्रांस पश्चिमी यूरोप 0.1798 7वें से ऊपर आया
7 जापान पूर्वी एशिया 0.1876 8वें से ऊपर आया
8 यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) पश्चिमी यूरोप 0.1881 6वें से नीचे गया
9 तुर्किये मध्य पूर्व 0.1975 स्थिति स्थिर
10 इटली दक्षिणी यूरोप 0.2211 कोई बदलाव नहीं

 

जानें भारत कौन से नंबर पर है?

भारत और दक्षिण कोरिया ने टॉप-5 में अपनी जगह बनाए रखी है और इस तरह शीर्ष पांच देशों की रैंकिंग पिछले साल जैसी ही बनी हुई है. फ्रांस ने इस बार छलांग लगाते हुए छठा स्थान हासिल किया है. फ्रांस 2025 में सातवें और 2024 में 11वें नंबर पर था, यानी लगातार ऊपर चढ़ता जा रहा है. जापान भी एक पायदान ऊपर चढ़कर 2026 में सातवें स्थान पर पहुंच गया है.

ब्रिटेन की रैंकिंग में आई गिरावट

वहीं यूनाइटेड किंगडम यानी ब्रिटेन की रैंकिंग में गिरावट आई है और वह आठवें नंबर पर खिसक गया है. पिछले दो सालों में वह छठे स्थान से धीरे-धीरे नीचे आया है. इटली ने अपनी 10वीं रैंक बरकरार रखी है और उसका PwrIndx स्कोर 0.2211 रहा, जिससे टॉप-10 की सूची पूरी होती है.

पाकिस्तान के लिए यह साल निराशाजनक रहा है. वह 2024 में नौवें स्थान पर था, 2025 में 12वें नंबर पर फिसला और अब 2026 में 0.2626 स्कोर के साथ 14वें स्थान पर पहुंच गया है. दूसरी तरफ जर्मनी ने बड़ी छलांग लगाई है. जर्मनी 2024 में 19वें नंबर पर था और अब 2026 में 12वें स्थान पर पहुंच गया है, जो उसकी सैन्य क्षमताओं में बड़े सुधार को दिखाता है.

Read More at www.abplive.com