
Bajaj Finance Q3 Results: दिग्गज NBFC बजाज फाइनेंस ने दिसंबर तिमाही (Q3 FY26) में मिले-जुले नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा 4,066 करोड़ रुपये रहा। यह CNBC-TV18 के अनुमान 5,201 करोड़ रुपये से कम है। सालाना आधार पर मुनाफे में 5.6 प्रतिशत की गिरावट आई है। पिछले साल इसी तिमाही में मुनाफा 4,308 करोड़ रुपये था।
NII में 20% से ज्यादा की मजबूत बढ़त
मुनाफा अनुमान से कमजोर रहा, लेकिन कंपनी की कोर लेंडिंग परफॉर्मेंस मजबूत बनी रही। नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सालाना आधार पर 20.6 प्रतिशत बढ़कर 11,318 करोड़ रुपये पहुंच गई। यह आंकड़ा बाजार के अनुमानों के करीब रहा और लोन बुक के लगातार विस्तार को दिखाता है।
प्रोविजनिंग और एकमुश्त खर्च का असर
दिसंबर तिमाही के दौरान बजाज फाइनेंस ने प्रोविजनिंग फ्रेमवर्क को और मजबूत किया। कंपनी ने सभी बिजनेस सेगमेंट में मिनिमम लॉस गिवन डिफॉल्ट (LGD) फ्लोर लागू किया। इसके चलते 1,406 करोड़ रुपये का अतिरिक्त अपेक्षित क्रेडिट लॉस (ECL) प्रोविजन करना पड़ा।
इसके अलावा, नए लेबर कोड लागू होने के बाद ग्रेच्युटी देनदारी बढ़ने से कंपनी ने 265 करोड़ रुपये का एकमुश्त एक्सेप्शनल चार्ज भी बुक किया। इन दोनों कारणों का सीधा असर तिमाही मुनाफे पर पड़ा।
लोन ग्रोथ और कस्टमर बेस में तेज विस्तार
बजाज फाइनेंस की ग्रोथ स्टोरी बरकरार रही। Q3 में कंपनी ने 1.39 करोड़ नए लोन बुक किए, जो सालाना आधार पर 15 प्रतिशत की बढ़त को दिखाता है। वहीं कस्टमर बेस 19 प्रतिशत बढ़कर 11.54 करोड़ पहुंच गया। सिर्फ इस तिमाही में 47.6 लाख नए ग्राहक जुड़े।
31 दिसंबर 2025 तक कंपनी का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 4.84 लाख करोड़ रुपये रहा। यह सालाना आधार पर 22 प्रतिशत की बढ़त है। हालांकि, इसमें भारी ECL प्रोविजनिंग का असर शामिल नहीं है।
एसेट क्वालिटी और कैपिटल पोजीशन स्थिर
एसेट क्वालिटी के मोर्चे पर बजाज फाइनेंस की स्थिति स्थिर बनी हुई है। ग्रॉस NPA 1.21 प्रतिशत और नेट NPA 0.47 प्रतिशत रहा। कंपनी का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो 21.45 प्रतिशत पर मजबूत बना रहा, जबकि टियर-1 कैपिटल 20.60 प्रतिशत रहा।
बजाज फाइनेंस के शेयरों का हाल
नतीजों से पहले बजाज फाइनेंस के शेयरों में मजबूत तेजी देखने को मिली थी। कंपनी का शेयर NSE पर 6.68 प्रतिशत चढ़कर 964.75 रुपये पर बंद हुआ था। पिछले 6 महीने में स्टॉक 8.89% चढ़ा है। वहीं, 1 साल में इसने 14.41% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 59.93 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Read More at hindi.moneycontrol.com