
Stock in Focus: इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी BGR Energy Systems Ltd ने बताया कि तमिलनाडु ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (TANTRANSCO) ने उसे दिया गया EPC कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया है।
यह प्रोजेक्ट तिरुपत्तूर में 230/110 केवी AIS सब-स्टेशन से जुड़ा था। इसके तहत पलावडी 400 केवी सब-स्टेशन में 230 केवी बे का विस्तार किया जाना था। साथ ही 230 केवी ट्रांसमिशन लाइन का काम भी शामिल था। इसमें डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग शामिल थे।
किस वजह से रद्द किया गया ऑर्डर?
BGR Energy के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को जारी टर्मिनेशन ऑर्डर में TANTRANSCO ने प्रोजेक्ट में देरी का हवाला दिया है। ऑर्डर में कहा गया है कि तय समयसीमा के भीतर काम पूरा नहीं हो पाया।
ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ने साफ किया है कि कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों के तहत लिक्विडेटेड डैमेज की वसूली की जाएगी। इसके साथ ही इस्तेमाल न हुई सामग्री की लागत और बचे हुए काम को किसी दूसरी एजेंसी से कराने पर आने वाले अतिरिक्त खर्च की रिकवरी भी की जाएगी।
कानूनी विकल्पों पर विचार
BGR Energy Systems ने कहा है कि वह इस टर्मिनेशन ऑर्डर की विस्तार से समीक्षा कर रही है। कंपनी कॉन्ट्रैक्ट और लागू कानूनों के तहत उपलब्ध सभी कानूनी विकल्पों और उपायों पर विचार कर रही है। साथ ही कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटनाक्रम का उसके मौजूदा ऑपरेशंस या अन्य गतिविधियों पर कोई बड़ा या मैटेरियल असर नहीं पड़ेगा।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
BGR Energy के लिए यह पहला ऐसा मामला नहीं है। पिछले साल BGR Energy Systems को GST से जुड़ा एक बड़ा राहत आदेश मिला था। 8 जनवरी 2025 को असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ GST, पोननेरी, तिरुवल्लूर की ओर से जारी रेक्टिफिकेशन ऑर्डर में ₹35.07 करोड़ की टैक्स देनदारी हटा दी गई थी, जो अगस्त 2024 के डिमांड ऑर्डर में तय की गई थी।
इसके अलावा सितंबर 2024 में कंपनी को चेन्नई मेट्रोपॉलिटन वॉटर सप्लाई एंड सीवेज बोर्ड (CMWSSB) से भी एक कॉन्ट्रैक्ट टर्मिनेशन नोटिस मिला था। यह नोटिस कोडुंगैयूर में 45 MLD क्षमता वाले टर्शियरी ट्रीटमेंट रिवर्स ऑस्मोसिस (TTRO) प्लांट के डिजाइन, बिल्ड और ऑपरेट (DBO) प्रोजेक्ट से जुड़ा था।
BGR Energy के शेयरों का हाल
BGR Energy Systems Ltd के शेयर 3 फरवरी को BSE पर 2.23 प्रतिशत की तेजी के साथ ₹332.70 पर बंद हुए। यह स्टॉक पिछले 6 महीने में 225.12% चढ़ा है। वहीं, 1 साल में इसने 144.18% का रिटर्न दिया है। पिछले 5 साल में स्टॉक 640.16% का मल्टीबैगर रिटर्न दे चुका है। इसका मार्केट कैप 2.40 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Read More at hindi.moneycontrol.com