Castrol India Q4 Results: मुनाफा घटा, लेकिन रेवेन्यू ने बनाया 20 साल का रिकॉर्ड; डिविडेंड का ऐलान – castrol india q4 results profit falls 9 percent revenue creates 20 year record dividend announcement and share price in focus

Castrol India Q4 Results: लुब्रिकेंट बनाने वाली कंपनी कैस्ट्रोल इंडिया ने 3 फरवरी को चौथी तिमाही (Q4) के नतीजे जारी किए। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 9.9 प्रतिशत घटकर ₹244 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में मुनाफा ₹271 करोड़ था। कंपनी फाइनेंशियल ईयर के बजाय कैलेंडर ईयर को फॉलो करती है।

20 साल का सबसे ऊंचा रेवेन्यू

कैस्ट्रोल इंडिया का Q4 में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 6.4 प्रतिशत बढ़कर ₹1,440 करोड़ पहुंच गया। एक साल पहले यह ₹1,354 करोड़ था। कंपनी के मुताबिक, यह पिछले 20 सालों में चौथी तिमाही का सबसे ज्यादा रेवेन्यू है।

तिमाही में EBITDA 2.1 प्रतिशत घटकर ₹368.5 करोड़ रहा, जो पिछले साल ₹376.4 करोड़ था। EBITDA मार्जिन भी 27.8 प्रतिशत से घटकर 25.6 प्रतिशत रह गया। हालांकि, इस दौरान कंपनी की बिक्री वॉल्यूम 8 प्रतिशत बढ़ी, जिससे ऑपरेशनल सपोर्ट मिला।

लगातार आठवीं तिमाही में ग्रोथ

पूरे वित्त वर्ष 2025 में कैस्ट्रोल इंडिया ने अब तक का सबसे ज्यादा रेवेन्यू दर्ज किया। कंपनी का सालाना रेवेन्यू 7 प्रतिशत बढ़कर ₹5,722 करोड़ हो गया। वहीं EBITDA 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹1,348 करोड़ रहा। यह लगातार आठवीं तिमाही रही, जब कंपनी ने ग्रोथ दिखाई।

वॉल्यूम और मार्केट शेयर में सुधार

FY25 में कैस्ट्रोल इंडिया का कुल वॉल्यूम 8 प्रतिशत बढ़ा। यह ग्रोथ मुख्य रूप से ऑटोमोटिव लुब्रिकेंट बिजनेस, इंडस्ट्रियल सेगमेंट के विस्तार और ग्रामीण इलाकों में डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क मजबूत होने से आई। कंपनी ने कोर ऑटोमोटिव लुब्रिकेंट सेगमेंट में मार्केट शेयर बढ़ने की भी जानकारी दी।

डिविडेंड का ऐलान

कैस्ट्रोल इंडिया के बोर्ड ने FY25 के लिए ₹5 फेस वैल्यू वाले शेयर पर ₹5.25 प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। यह डिविडेंड कंपनी की 48वीं AGM में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद दिया जाएगा।

डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 23 मार्च 2026 तय की गई है। अगर मंजूरी मिलती है, तो भुगतान 27 अप्रैल 2026 तक कर दिया जाएगा। इसके साथ FY25 में कुल डिविडेंड ₹8.75 प्रति शेयर हो जाएगा।

मैनेजमेंट ने क्या कहा

कैस्ट्रोल इंडिया के इंटरिम CEO सौगत बसुराय ने कहा कि FY25 कंपनी के लिए मजबूत साल रहा है। पिछले आठ तिमाहियों से लगातार वॉल्यूम के दम पर ग्रोथ और मार्केट शेयर में बढ़त देखने को मिली है। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्रियल बिजनेस को बढ़ाने और ग्रामीण भारत में नेटवर्क विस्तार पर खास फोकस रहा, जिससे डबल डिजिट ग्रोथ मिली। चुनौतीपूर्ण माहौल के बावजूद कंपनी ने मार्जिन संभालते हुए ग्रोथ पर ध्यान बनाए रखा।

कैस्ट्रोल इंडिया के शेयर

कैस्ट्रोल इंडिया का शेयर BSE पर मामूली गिरावट के साथ ₹184.85 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 15.56% नीचे आया है। वहीं, 1 साल में इसने 5.06% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 18.28 हजार करोड़ रुपये है।

Adani Ports Q3 Results: शुद्ध मुनाफा 21% बढ़कर ₹3,054 करोड़ रहा, रेवेन्यू भी 22% बढ़ा, शेयर 9% उछले

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Read More at hindi.moneycontrol.com