
Adani Ports Q3 Results: अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) ने मंगलवार 2 फरवरी को मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 21.2 प्रतिशत बढ़कर 3,054 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह आंकड़ा 2,520 करोड़ रुपये रहा था।
अदाणी ग्रुप की इस कंपनी का रेवेन्यू दिसंबर तिमाही में 22 प्रतिशत बढ़कर 9,705 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में 7,964 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने बताया कि मजबूत कार्गो हैंडलिंग, बेहतर ऑपरेशनल एफिशियंसी और सभी बिजनेस सेगमेंट में स्थिर प्रदर्शन से उसे अपना रेवेन्यू बढ़ाने में मदद मिली।
दिसंबर तिमाही में कंपनी की टोटल इनकम 21 प्रतिशत बढ़कर 9,939 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 8,187 करोड़ रुपये रहा था। इसी दौरान खर्च भी बढ़े और 6,283 करोड़ रुपये रहे, जो पिछले साल की इसी अवधि में 5,191 करोड़ रुपये थे। इसके बावजूद, ऑपरेशनल स्तर पर कंपनी की मजबूती बनी रही।
कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) इस दौरान 20.5 प्रतिशत की सालाना बढ़त के साथ 5,785 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा 4,800 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन हल्का सा घटकर 59.6 प्रतिशत रहा, जबकि एक साल पहले यह 60.3 प्रतिशत था, लेकिन अब भी यह स्तर मजबूत माना जा रहा है।
FY26 के लिए आउटलुक और गाइडेंस में सुधार
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपने कोर अर्निंग्स के ऊपरी अनुमान को बढ़ा दिया है। अदाणी पोर्ट्स के होल-टाइम डायरेक्टर और सीईओ अश्विनी गुप्ता ने बताया कि कंपनी के चार प्रमुख बिजनेस पिलर्स में लगातार मजबूती और हाल ही में NQXT Australia के कंसोलिडेशन के चलते वित्त वर्ष 2026 के लिए EBITDA गाइडेंस के ऊपरी स्तर को 800 करोड़ रुपये तक बढ़ाया गया है।
उन्होंने बताया कि FY24 के अंत में कंपनी ने FY29 तक अपने रेवेन्यू और EBITDA को दोगुना करने का स्पष्ट लक्ष्य रखा था। इसके तहत रेवेन्यू को 65,500 करोड़ रुपये और EBITDA को 36,500 करोड़ रुपये तक पहुंचाने की योजना है। क्षमता विस्तार और बेहतर ग्राहक अनुभव पर फोकस के जरिए कंपनी इन लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
शेयर बाजार में मजबूत प्रतिक्रिया
मजबूत तिमाही नतीजों का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखी गई और एनएसई पर यह 9.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,534.90 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार करता दिखा।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।
Read More at hindi.moneycontrol.com