India US Trade Deal: ‘सहयोग बर्बाद कर दिया….अब कोई बहाना नहीं’, अमेरिकी सांसद ने ट्रंप को लगाई लताड़, जानें क्या बोलीं सिडनी कामलागर

भारत-अमेरिका ट्रे़ड डील की घोषणा के बाद अमेरिकी सांसद सिडनी कामलागर-डोव का सोमवार (2 फरवरी) को बयान आया. उन्होंने ट्रंप प्रशासन को नसीहत देते हुए भारत संग द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की. इस नई ट्रेड डील के बाद भारत पर आयात पर शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है.  

अमेरिकी सांसद सिडनी कामलागर-डोव ने भारत पर पहले लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ की भी आलोचना की, जिसमें 25 प्रतिशत टैरिफ नई दिल्ली द्वारा रूसी तेल की खरीद से जुड़ा था. उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के बीच सार्थक सहयोग में बाधा पैदा हुई.

सिडनी कामलागर-डोव ने ट्रंप को लगाई लताड़
उन्होंने एक्स पर एक खबर को रि-पोस्ट करते हुए लिखा कि भारत पर ट्रंप द्वारा लगाए गए मनमाने 50 फीसदी टैरिफ ने एक साल के सार्थक द्विपक्षीय सहयोग को बर्बाद कर दिया है. उन्होंने कहा कि इसमें वार्षिक क्वाड नेताओं का शिखर सम्मेलन भी शामिल है. इस लंबे समय से प्रतीक्षित समझौते के साथ संबंधों में निरंतर गतिरोध का अब कोई बहाना नहीं है.

भारत के साथ रिश्ते मजबूत करने की वकालत
कांग्रेस सदस्य सिडनी कामलागर-डोव ने कहा कि प्रशासन को खोए हुए समय की भरपाई करने और भारत के साथ सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्रों को और मजबूत करने के लिए तेजी से कदम उठाने चाहिए. उनकी यह टिप्पणी ट्रंप के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका और भारत व्यापार समझौते पर सहमत हो गए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान दिखाते हुए पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है.

अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में ट्रंप ने दिन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उनके सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं और भारत के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं.

ये भी पढ़ें 

India US Trade Deal: 500 बिलियन डॉलर का सौदा, रूस से तेल न खरीदने की शर्त, भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़ी हर बड़ी बात

Read More at www.abplive.com