Stocks to Watch: मंगलवार 3 फरवरी को फोकस में रहेंगे ये 21 स्टॉक्स, दिख सकती है बड़ी हलचल – stocks to watch tuesday 3 february tata chemicals pb fintech railtel pg electroplast adani ports bharat forge and more shares in focus

Stocks to Watch: मंगलवार 3 फरवरी को शेयर बाजार में कई स्टॉक्स फोकस में रहने वाले हैं। इसकी वजह सोमवार को आए Q3 नतीजों, कॉरपोरेट ऐलानों और ऑपरेशनल अपडेट्स हैं। केमिकल्स, फिनटेक, EV, इंफ्रा, बैंकिंग और रियल एस्टेट से जुड़ी कंपनियां निवेशकों की नजर में रहेंगी। इन्हीं ट्रिगर्स के चलते बाजार में इन 21 स्टॉक्स में बड़ी हलचल दिख सकती है।

आदित्य बिड़ला लाइफस्टाइल का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 69 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 60 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान रेवेन्यू 9.6 प्रतिशत बढ़कर 2,343 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA 23.7 प्रतिशत उछलकर 411.6 करोड़ रुपये पहुंच गया।

आरती इंडस्ट्रीज का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 46 करोड़ रुपये से बढ़कर 133 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 26 प्रतिशत बढ़कर 2,319 करोड़ रुपये पहुंचा, जबकि EBITDA 38.8 प्रतिशत उछलकर 322 करोड़ रुपये रहा। बेहतर ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस के चलते EBITDA मार्जिन 12.6 प्रतिशत से बढ़कर 13.9 प्रतिशत हो गया।

टाटा ग्रुप की टाटा केमिकल्स के Q3 नतीजे कमजोर रहे हैं। कंपनी का घाटा 53 करोड़ से बढ़कर 93 करोड़ रुपये हो गया है। रेवेन्यू 3,590 करोड़ से घटकर 3,550 करोड़ रुपये रहा। EBITDA और मार्जिन दोनों में गिरावट आई है।

इंडस टावर्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 55.6 प्रतिशत घटकर 1,776 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह 4,003 करोड़ रुपये था। हालांकि रेवेन्यू 7.9 प्रतिशत बढ़कर 8,146.3 करोड़ रुपये पहुंच गया। EBITDA 35.6 प्रतिशत गिरकर 4,509 करोड़ रुपये रहा और इसके चलते मार्जिन 92.7 प्रतिशत से घटकर 55.3 प्रतिशत रह गया।

परादीप फॉस्फेट्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 13 प्रतिशत घटकर 182 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, उर्वरक उत्पादों में मजबूत मांग के चलते रेवेन्यू 15 प्रतिशत बढ़कर 5,748 करोड़ रुपये पहुंच गया। ऑपरेटिंग स्तर पर EBITDA 7.7 प्रतिशत बढ़कर 471.8 करोड़ रुपये रहा, लेकिन लागत दबाव के कारण मार्जिन 8.8 प्रतिशत से घटकर 8.2 प्रतिशत रह गया।

थर्मैक्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 80 प्रतिशत बढ़कर 205 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह CNBC-TV18 के अनुमान 153.4 करोड़ रुपये से काफी ज्यादा है। वहीं रेवेन्यू 4.2 प्रतिशत बढ़कर 2,634 करोड़ रुपये रहा। हालांकि यह अनुमानित 2,726 करोड़ रुपये से थोड़ा कम रहा।

RailTel Corporation of India Ltd

दिसंबर तिमाही में रेलटेल का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 4 प्रतिशत घटकर 62.4 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 65 करोड़ रुपये था। हालांकि ऑपरेशनल मोर्चे पर प्रदर्शन मजबूत रहा और रेवेन्यू 19 प्रतिशत बढ़कर 913.4 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसी दौरान EBITDA 10 प्रतिशत बढ़कर 133 करोड़ रुपये रहा।

पॉलिसीबाजार और पैसाबाजार की पैरेंट कंपनी PB फिनटेक ने Q3 में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। नेट प्रॉफिट 71 करोड़ से बढ़कर 189 करोड़ रुपये पहुंच गया। रेवेन्यू 37 प्रतिशत बढ़कर 1,771 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान PAT मार्जिन 6 प्रतिशत से बढ़कर 11 प्रतिशत हो गया। कंपनी का बोर्ड 5 फरवरी को QIP के जरिए फंड जुटाने पर विचार करेगा।

तीसरी तिमाही में PG इलेक्ट्रोप्लास्ट का नेट प्रॉफिट 50 प्रतिशत बढ़कर 60.3 करोड़ रुपये पहुंच गया। रेवेन्यू 45.9 प्रतिशत उछलकर 1,412 करोड़ रुपये रहा। EBITDA 37.4 प्रतिशत बढ़कर 117 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि मार्जिन हल्का घटकर 8.3 प्रतिशत रह गया। वहीं सब्सिडियरी PG Technoplast ने तिमाही में 1,067 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया।

अडाणी पोर्ट्स ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि जनवरी महीने में कंपनी ने 4.48 करोड़ टन कार्गो हैंडल किया। यह सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की बढ़त को दिखाता है।

भारत फोर्ज ने बताया है कि उसकी सब्सिडियरी JS Auto में PI Opportunities Fund निवेश करेगा। फंड 300 करोड़ रुपये में 23 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगा। यह डील कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।

सिटी यूनियन बैंक ने तिमाही नतीजों में मजबूत प्रदर्शन दिखाया है। बैंक का मुनाफा 286 करोड़ से बढ़कर 332 करोड़ रुपये हो गया है। NII 587.7 करोड़ से बढ़कर 752 करोड़ रुपये रही। ग्रॉस और नेट NPA दोनों में सुधार देखने को मिला है।

लुपिन ने अमेरिका में कैंसर की दवा Dasatinib लॉन्च की है। अमेरिका में इस दवा का सालाना बाजार करीब 93 मिलियन डॉलर का है। यह लॉन्च कंपनी के US बिजनेस के लिए अहम माना जा रहा है।

IRB इंफ्रा ने IRB InvIT Fund को प्रोजेक्ट ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस ट्रांजैक्शन से कंपनी को इक्विटी निवेश के रूप में 513 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है।

सरकारी कंपनी GAIL का अगले 2 साल में करीब 85 नए CNG स्टेशन जोड़ने का प्लान है। कंपनी नई पेट्रोलियम और पेट्रो प्रोडक्ट्स पाइपलाइन के लिए बोली लगाएगी। FY26 में 124-125 mscmd और FY27 में 134-135 mscmd गैस ट्रांसमिशन वॉल्यूम का अनुमान है।

बजाज हाउसिंग फाइनेंस के तिमाही नतीजे मजबूत रहे हैं। मुनाफा 548 करोड़ से बढ़कर 665 करोड़ रुपये हो गया है। NII 810 करोड़ से बढ़कर 964 करोड़ रुपये रही। ग्रॉस और नेट NPA दोनों में सुधार दर्ज किया गया है।

EV स्कूटर बनाने वाली एथर एनर्जी ने घाटे में बड़ी कटौती की है। कंपनी का घाटा 197.6 करोड़ से घटकर 83.6 करोड़ रुपये रह गया। रेवेन्यू 635 करोड़ से बढ़कर 953.6 करोड़ रुपये हो गया है। EBITDA घाटा भी कम हुआ है।

यूनिकेम लैब्स की कोल्हापुर यूनिट को US FDA की तरफ से 5 आपत्तियां जारी की गई हैं। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक 27 जनवरी से 2 फरवरी के बीच यूनिट का निरीक्षण हुआ था।

उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक का घाटा 168 करोड़ से बढ़कर 375 करोड़ रुपये हो गया है। NII 480 करोड़ से घटकर 348 करोड़ रुपये रही। हालांकि तिमाही आधार पर ग्रॉस और नेट NPA में सुधार देखने को मिला है।

Jupiter Life Line Hospitals Ltd

मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल चेन का शुद्ध मुनाफा 18.3 प्रतिशत घटकर 42.5 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले यह 52 करोड़ रुपये था। वहीं रेवेन्यू 9.8 प्रतिशत बढ़कर 365.3 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो हॉस्पिटल ऑपरेशंस में बनी मजबूत मांग को दिखाता है।

Awfis Space Solutions Limited

फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस प्रोवाइडर Awfis का शुद्ध मुनाफा 43 प्रतिशत बढ़कर 21.6 करोड़ रुपये हो गया। रेवेन्यू 20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 381.7 करोड़ रुपये पहुंच गया। मजबूत एंटरप्राइज और GCC डिमांड के चलते EBITDA 30 प्रतिशत बढ़कर 139 करोड़ रुपये रहा और मार्जिन सुधरकर 36 प्रतिशत पर पहुंच गया।

Stocks to Buy: बजट के बाद एक्सपर्ट ने दी इन 9 स्टॉक्स को खरीदने की सलाह, जानिए टारगेट समेत पूरी डिटेल

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Read More at hindi.moneycontrol.com