
Nifty Outlook: यूनियन बजट 2026 के दिन रविवार, 1 फरवरी को आई तेज बिकवाली के बाद सोमवार को शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। निफ्टी 50 ने दोबारा 25,000 का स्तर हासिल किया और दिन के अंत में 25,050 के ऊपर बंद हुआ।
सोमवार को बाजार की शुरुआत कमजोर रही और शुरुआती कारोबार में निफ्टी और नीचे फिसल गया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ बाजार में जोरदार खरीदारी लौटी और निफ्टी अपने दिन के निचले स्तर 24,679 से 429 अंकों की रिकवरी करता दिखा। आखिरकार इंडेक्स 262 अंक चढ़कर 25,088 पर बंद हुआ।
निफ्टी के टॉप गेनर्स और लूजर्स
निफ्टी में तेजी की अगुवाई पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स (पैसेंजर व्हीकल्स) और अदाणी पोर्ट्स ने की। वहीं दूसरी तरफ श्रीराम फाइनेंस, एक्सिस बैंक और मैक्स हेल्थकेयर सबसे ज्यादा दबाव में रहे।
सेक्टर के लिहाज से देखें तो निफ्टी IT और हेल्थकेयर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। रिकवरी में ऑटो, ऑयल एंड गैस और मेटल्स सेक्टर सबसे आगे रहे।
ब्रॉडर मार्केट में भी सुधार देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.96 प्रतिशत की तेजी आई, जबकि स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.64 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।
डॉलर के मुकाबले 47 पैसे चढ़ा रुपया
सोमवार को रुपया भी मजबूत हुआ और डॉलर के मुकाबले 47 पैसे की तेजी के साथ 91.51 पर बंद हुआ। रुपये को कमोडिटी कीमतों में नरमी, बेहतर फिस्कल डिसिप्लिन, मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार और कॉरपोरेट डॉलर इनफ्लो की उम्मीद से सपोर्ट मिला।
Q3 नतीजों से बढ़ेगी हलचल
जैसे-जैसे Q3 रिजल्ट सीजन तेज हो रहा है, बाजार में स्टॉक-स्पेसिफिक एक्शन बढ़ने की उम्मीद है। मंगलवार को बजाज फाइनेंस, अडाणी पोर्ट्स, वरुण बेवरेजेज और अडाणी एंटरप्राइजेज अपने तिमाही नतीजे जारी करेंगे।
मैक्रो फ्रंट पर निवेशकों की नजर आज आने वाले S&P मैन्युफैक्चरिंग PMI डेटा पर रहेगी। इसके बाद कल US JOLTS जॉब ओपनिंग्स डेटा जारी होगा, जो ग्लोबल बाजारों की दिशा तय कर सकता है।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत की है। इस बात की पुष्टि अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की एक तस्वीर साझा की। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, ‘STAY TUNED…’।
इस घटनाक्रम को भारत-अमेरिका के बीच संभावित ट्रेड डील से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे 3 फरवरी को बाजार में हलचल दिख सकती है।
आगे बाजार का रुख क्या रहेगा
मोतीलाल ओसवाल के सिद्धार्थ खेमका के मुताबिक, निकट अवधि में बाजार का रुख सकारात्मक रह सकता है। हालांकि, आगे चलकर ग्लोबल संकेत और कंपनियों के तिमाही नतीजे ही बाजार और शेयरों की चाल तय करेंगे।
निफ्टी पर एक्सपर्ट की राय
HDFC सिक्योरिटीज के नागरज शेट्टी का कहना है कि सोमवार को बाजार में आई तेज रिकवरी से बुल्स को दोबारा वापसी की कोशिश करने का भरोसा मिल सकता है।
टेक्निकल एनालिस्ट्स के मुताबिक, निफ्टी को आने वाले सत्रों में 25,200 के आसपास रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है। इसके ऊपर अगला अहम रेजिस्टेंस 25,400 के स्तर पर है। वहीं नीचे की तरफ तत्काल सपोर्ट 24,900 के आसपास देखा जा रहा है।
LKP सिक्योरिटीज के रूपक डे चेताया है कि हालिया उछाल के बावजूद बाजार का ब्रॉडर ट्रेंड अभी कमजोर बना हुआ है। उनका कहना है कि जब तक निफ्टी 200-डे मूविंग एवरेज (200-DMA) से नीचे रहेगा, तब तक सेंटिमेंट निगेटिव रह सकता है। ऐसे में हर तेजी को लेवरेज्ड लॉन्ग पोजिशन घटाने या शॉर्ट बनाने के मौके के तौर पर देखा जा सकता है।
शॉर्ट कवरिंग से आई तेजी
सेंट्रम ब्रोकिंग के नीलेश जैन के मुताबिक, बाजार में दिखी यह रिकवरी ओवरसोल्ड लेवल्स से हुई शॉर्ट कवरिंग का नतीजा है। उन्होंने बताया कि निफ्टी के लिए 200-DMA के पास 25,210 का स्तर तुरंत रेजिस्टेंस के तौर पर काम कर सकता है।
नीलेश जैन का कहना है कि अगर निफ्टी 25,210 के ऊपर मजबूती से निकलता है, तो यह शॉर्ट टर्म ट्रेंड रिवर्सल का संकेत होगा। नीचे की तरफ उन्होंने 24,800 को पहला सपोर्ट और उसके बाद 24,680 को अगला अहम सपोर्ट बताया है।
HDFC सिक्योरिटीज के नंदीश शाह के मुताबिक, निफ्टी का बजट डे के निचले स्तर 24,573 के ऊपर बने रहना शॉर्ट टर्म रिवर्सल की ओर इशारा करता है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि जब तक निफ्टी 25,500 के पोजिशनल रेजिस्टेंस के ऊपर मजबूती से नहीं निकलता, तब तक किसी टिकाऊ बुलिश ट्रेंड की पुष्टि नहीं मानी जाएगी।
Stocks to Watch: मंगलवार 3 फरवरी को फोकस में रहेंगे ये 21 स्टॉक्स, दिख सकती है बड़ी हलचल
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
Read More at hindi.moneycontrol.com