
Ramayana: जब निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम के किरदार के लिए रणबीर कपूर का नाम सामने आया था, तब सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं. कुछ लोग इस फैसले से खुश थे, तो कुछ ने रणबीर को इस भूमिका के लिए उपयुक्त नहीं माना. लेकिन जैसे ही फिल्म का टीज़र रिलीज हुआ, माहौल बदलता नजर आया और कई आलोचक भी शांत हो गए. इसी बीच रामानंद सागर की ‘रामायण’ में 39 साल पहले भगवान राम का अमर किरदार निभा चुके अभिनेता अरुण गोविल ने रणबीर कपूर को लेकर खुलकर अपनी राय रखी है.
अरुण गोविल ने जमकर की रणबीर की तारीफ
इस बार अरुण गोविल फिल्म में भगवान राम के पिता राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं. एक बातचीत के दौरान अरुण गोविल ने कहा कि नितेश तिवारी की ‘रामायण’ काफी मेहनत से बनाई जा रही है. उन्होंने फिल्म की टीम और कलाकारों की तारीफ करते हुए कहा कि रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में बहुत अच्छे लग रहे हैं. अरुण गोविल के मुताबिक, रणबीर न सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता हैं, बल्कि एक अच्छे इंसान भी हैं.
उन्होंने आगे कहा कि भगवान का किरदार निभाने के लिए इंसान के भीतर सच्चाई और पवित्रता होनी चाहिए. जब आप पर्दे पर भगवान बनते हैं, तो लोगों को आपमें वही भाव दिखना चाहिए. अरुण गोविल का मानना है कि किरदार की तुलना होना स्वाभाविक है, खासकर तब जब कोई भूमिका पहले से ही एक मिसाल बन चुकी हो. प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ से तुलना पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण गोविल ने साफ कहा कि ‘रामायण’ और ‘आदिपुरुष’ दोनों में काफी अंतर है. उनका मानना है कि हर फिल्म की अपनी सोच और प्रस्तुति होती है.
फिल्म की स्टारकास्ट
इस भव्य फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी. रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान और अमिताभ बच्चन जटायु की भूमिका में दिखाई देंगे. दो भागों में बनने वाली यह फिल्म इस दीवाली पर अपने पहले भाग के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
यह भी पढ़ें: The 50 Show: पहले ही एपिसोड में बेकाबू हुए करण पटेल, सिद्धार्थ को दे डाली हड्डी तोड़ने की धमकी
The post Ramayana: नितेश तिवारी की रामायण पर अरुण गोविल का बड़ा बयान, रणबीर की जमकर की तारीफ appeared first on Prabhat Khabar.
Read More at www.prabhatkhabar.com