
Hyundai Motor India Q3 Results: हुंडई मोटर इंडिया के शेयरों को आज इसके कारोबारी नतीजे से सपोर्ट मिला। दिसंबर 2025 तिमाही के कारोबारी नतीजे ने इसके शेयरों की सुस्ती दूर की और यह उछलकर ग्रीन हो गया और ग्रीन ही बंद भी हुआ। दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 7% तो मुनाफा 6% की रफ्तार से बढ़ा लेकिन मार्जिन स्थिर ही रहा। हालांकि निर्यात के मोर्चे पर कंपनी ने कमाल कर दिया और यह 20% से भी अधिक रफ्तार से बढ़ा। इन सबके असर से हुंडई मोटर इंडिया के शेयर आज बीएसई पर 0.560% की बढ़त के साथ ₹2196.50 पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में यह ₹2125.00 के निचले स्तर और ₹2207.00 के हाई लेवल तक पहुंचा था।
Hyundai Motor India Q3 Results: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में हुंडई मोटर इंडिया का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 7.5% उछलकर ₹17,452.7 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 6.3% बढ़कर ₹1,194.92 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो कंपनी का ईबीआईटीडीए यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट इस दौरान 7.4% उछलकर ₹1,960 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन ऑपरेटिंग मार्जिन 11.2% पर स्थिर बना रहा। सेल्स वॉल्यूम की बात करें तो होलसेल के हिसाब से तिमाही आधार पर यह दिसंबर 2025 तिमाही में 5% बढ़ गया। इसे जीएसटी रिफॉर्म यानी जीएसटी 2.0 और फेस्टिव डिमांड से सपोर्ट मिला।
दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का निर्यात तेज रफ्तार से बढ़ा। एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई डिटेल्स के मुताबिक कंपनी का निर्यात दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 21.1% बढ़ गया और इसकी ओवरऑल सेल्स में हिस्सेदारी 25% रही। कंपनी के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग का कहना है कि जनवरी 2026 के सेल्स के आंकड़ों से इस वित्त वर्ष 2026 के धमाकेदार होने का भरोसा बढ़ा है।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
हुंडई मोटर इंडिया के शेयरों की 22 अक्टूबर 2024 को घरेलू स्टॉक मार्केट में एंट्री हुई थी। इसके ₹27,859 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹1960 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। लिस्टिंग के दिन इसके कमजोर परफॉरमेंस ने आईपीओ निवेशकों का दिल तोड़ दिया था लेकिन फिर धीरे-धीरे इसने रफ्तार पकड़ी और अगले साल 22 सितंबर 2025 को ₹2889.65 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि इस हाई पर पहुंचने से पहले यह 7 अप्रैल 2025 को ₹1542.95 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक आ गया था जोकि आईपीओ प्राइस से भी 21% से अधिक डाउनसाइड था।
अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 23 एनालिस्ट्स में से 20 ने इसे खरीदारी और 3 ने सेल रेटिंग दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस ₹2853 और लोएस्ट टारगेट प्राइस ₹2000 है। हालांकि ध्यान दें कि अब इसके कारोबारी नतीजे आए हैं तो ब्रोकरेज के रुझान बदल सकते हैं और रेटिंग और टारगेट प्राइस भी बदल सकते हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
Read More at hindi.moneycontrol.com