Balochistan Militants Attacks: बलूचिस्तान में फिदायीन हमले के पीछे ये 2 महिलाएं, BLA ने जारी की तस्वीरें, बताया कैसे किया हमला

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने कई शहरों और कस्बों में एक साथ बड़े फिदायीन हमले किए. इन हमलों में करीब 50 लोगों की जान चली गई, जिनमें कम से कम पाकिस्तान के 17 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं. हमले के बाद BLA ने दो हमलावरों की तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें दोनों महिलाएं बताई जा रही हैं.

BLA के अनुसार, इनमें से एक महिला की पहचान 24 साल की आसिफा मेंगल है. वह बलूचिस्तान के नुश्की इलाके की रहने वाली थी और मोहम्मद इस्माइल की बेटी थी. उसका जन्म 2 अक्टूबर 2002 को हुआ था. संगठन का दावा है कि उसने अपने 21वें जन्मदिन पर BLA की मजीद ब्रिगेड जॉइन की थी और जनवरी 2024 में आत्मघाती हमलावर बनने का फैसला किया था. BLA का कहना है कि नुश्की में ISI मुख्यालय पर हमला उसी ने किया. दूसरी महिला हमलावर का नाम अभी सामने नहीं आया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह हमले से पहले अपने साथियों के साथ नजर आ रही है. वीडियो में वह पाकिस्तानी सरकार की आलोचना करती दिखती है.

पाकिस्तानी सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इन हमलों के बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने बड़ा ऑपरेशन चलाया. बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के अनुसार, सुरक्षाबलों ने करीब 40 घंटे तक कार्रवाई की और 140 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया. पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी कहा है कि हमलों में महिला हमलावर शामिल थीं. पाकिस्तानी सरकार के मुताबिक, हमलावर आम लोगों के कपड़ों में स्कूलों, बाजारों, बैंकों और अस्पतालों में घुसे और वहां गोलीबारी की. ये हमले शुक्रवार रात शुरू हुए और शनिवार तक चलते रहे. नुश्की, ग्वादर, चमन, हब, नसीराबाद और मकरान जैसे इलाकों में हमलों की खबरें आईं.

पाकिस्तान का सबसे बड़ा गरीब प्रांत बलूचिस्तान

BLA ने बताया कि यह उनके अभियान हेरोफ यानी ब्लैक स्टॉर्म का दूसरा चरण है. वहीं, पाकिस्तानी सेना का कहना है कि किसी भी शहर या अहम जगह पर आतंकियों को कब्जा नहीं करने दिया गया. बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेकिन सबसे गरीब प्रांत है. यहां कई सालों से हिंसा चल रही है. बलूच संगठन लंबे समय से ज्यादा अधिकार और प्राकृतिक संसाधनों में हिस्सेदारी की मांग कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: ‘छात्राएं, नाबालिग लड़कियां और गर्भवती महिलाएं गायब’, पाकिस्तान ये कर क्या रहा

Read More at www.abplive.com