दिल्ली आने वाले ज्यादातर लोग राष्ट्रपति भवन को बाहर से देखकर लौट जाते हैं. आमतौर पर लोगों को लगता है कि भारत के राष्ट्रपति का ऑफिशियल आवास आम जनता के लिए बंद रहता है. लेकिन राष्ट्रपति भवन के कुछ हिस्सों को आम लोग भी अंदर से देख सकते हैं. सही बुकिंग और तय नियमों के साथ आप उन हॉल्स तक पहुंच सकते हैं, जहां राष्ट्राध्यक्ष विदेशी मेहमानों से मिलते हैं और जहां राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह आयोजित होते हैं. 330 एकड़ फैला राष्ट्रपति भवन सिर्फ एक इमारत नहीं बल्कि भारत के लोकतंत्र, इतिहास और विरासत का प्रतीक है. एच शेप में बना यह भव्य भवन 340 कमरों वाला एक वास्तुशिल्पीय मास्टरपीस है, जिसे एडविन लुटियंस हर्बर्ट बेकर ने डिजाइन किया था.
किन हिस्सों को देखने की मिलती है इजाजत?
राष्ट्रपति भवन के मुख्य भवन के चुनिंदा हिस्सों को आम जनता के लिए खोला जाता है. विजिट के दौरान आपको उन हॉल्स में ले जाया जाता है, जहां राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय मेहमानों से मुलाकात करते हैं और औपचारिक भोज आयोजित होते हैं. इसके अलावा नेशनल अवॉर्ड सेरेमनी वाले हॉल राष्ट्रपति भवन का म्यूजियम और अब तक के सभी राष्ट्रपतियों के पोर्ट्रेट भी देखने को मिलते हैं. पूरा टूर गाइड के साथ समूह में कराया जाता है.
टिकट बुकिंग, प्राइज और विजिट टाइमिंग
राष्ट्रपति भवन के अंदर जाने के लिए पहले से ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य है. बुकिंग केवल ऑफिशियल वेबसाइट visit.rashtrapatibhavan.gov.in के जरिए की जाती है. बुकिंग के बाद सुरक्षा जांच होती है और फिर गाइडेड ग्रुप के साथ एंट्री दी जाती है. वहीं राष्ट्रपति भवन देखने के लिए प्रति व्यक्ति टिकट की कीमत 50 रुपये है. विजिट का समय लगभग 45 मिनट का होता है. इसके अलावा मुख्य भवन मंगलवार से रविवार तक खुला रहता है. इसका टाइम सुबह 9.30 बजे से 4.30 बजे तक रहता है. वहीं लास्ट एंट्री शाम 4 बजे होती है.
कैसे पहुंचे राष्ट्रपति भवन?
राष्ट्रपति भवन पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट है, जहां से गेट नंबर 38 करीब 1 किलोमीटर दूर है. वहीं पटेल चौक मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 38 की दूरी लगभग 2 किलोमीटर है.
विजिट से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- राष्ट्रपति भवन देखने के लिए ऑनलाइन बुकिंग जरूरी है.
- वैलिड सरकारी पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है.
- मोबाइल फोन, कैमरा, बैग और इलेक्ट्रॉनिक सामान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है.
- सर्किट 1 शुक्रवार, शनिवार और रविवार को खुला रहता है.
- सर्किट 2 सोमवार को छोड़कर बाकी सभी दिन खुला रहता है.
- सर्किट 3 अगस्त से मार्च के बीच शुक्रवार, शनिवार और रविवार को खुला रहता है.
ये भी पढ़ें-Union Budget 2026: भारत के बजट से किन-किन देशों को होता है फायदा? एक नजर में देख लें पूरी लिस्ट
Read More at www.abplive.com