फरवरी का नाम सुनते ही दिल में एक अलग-सी हलचल होने लगती है. ठंडी हवाओं के बीच प्यार की गर्माहट महसूस होने लगती है. गुलाबों की खुशबू, फोन पर आने वाले प्यारे मैसेज और दिल से निकली मुस्कान, सब कुछ खास लगने लगता है. ऐसा इसलिए क्योंकि फरवरी को प्यार का महीना कहा जाता है. इस महीने में सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि पूरे सात दिन तक प्यार का जश्न मनाया जाता है, जिसे वैलेंटाइन वीक कहा जाता है. यह हफ्ता उन लोगों के लिए बेहद खास होता है, जो किसी से प्यार करते हैं, किसी को पसंद करते हैं या अपने रिश्ते में नई ताजगी लाना चाहते हैं.
कुछ लोग इस हफ्ते अपने दिल की बात कहने की हिम्मत जुटाते हैं, तो कुछ अपने रिश्ते को और मजबूत बनाने की कोशिश करते हैं. वहीं कई लोग ऐसे भी होते हैं, जो सिंगल होते हुए भी इस हफ्ते से प्यार, रिश्तों और भावनाओं की अहमियत को समझते हैं. वैलेंटाइन वीक सिर्फ तोहफों और सोशल मीडिया पोस्ट तक सीमित नहीं है. यह हफ्ता हमें सिखाता है कि प्यार छोटे-छोटे इशारों और वक्त देने से अच्छा रहता है. अगर आप भी फरवरी में अपने किसी खास को स्पेशल फील कराना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं कि वैलेंटाइन वीक में कब-कौन सा दिन आता है और हर दिन का महत्व क्या है.
वैलेंटाइन वीक में कब-कौन सा दिन आता है
1. 7 फरवरी रोज डे (Rose Day) – वैलेंटाइन वीक की शुरुआत रोज डे से होती है. इस दिन गुलाब देकर अपनी फीलिंग्स को बिना ज्यादा शब्दों के बयां किया जाता है. लाल गुलाब प्यार का प्रतीक होता है, जबकि गुलाबी गुलाब अपनापन और सफेद गुलाब सम्मान दर्शाता है.आप अपने पार्टनर, दोस्त या क्रश को गुलाब देकर उन्हें यह एहसास दिला सकते हैं कि वे आपकी जिंदगी में कितने खास हैं.
2. 8 फरवरी प्रपोज डे (Propose Day) – अगर आप किसी को पसंद करते हैं और अब तक अपने दिल की बात नहीं कह पाए हैं, तो प्रपोज डे सबसे सही मौका है. इस दिन लोग अपने प्यार का खुलकर इजहार करते हैं.चाहें तो सादे शब्दों में या किसी खास सरप्राइज के साथ अपनी फीलिंग्स सामने रख सकते हैं.
3. 9 फरवरी चॉकलेट डे (Chocolate Day) – प्यार में मिठास घोलने के लिए चॉकलेट डे मनाया जाता है. इस दिन अपने पार्टनर को उनकी पसंदीदा चॉकलेट या घर पर बनी मीठी चीज गिफ्ट कर सकते हैं. यह दिन रिश्तों को और मीठा और मजबूत बनाने का संदेश देता है.
4. 10 फरवरी टेडी डे (Teddy Day) – टेडी डे मासूमियत और क्यूटनेस का दिन होता है. इस दिन टेडी बियर गिफ्ट करके आप अपने पार्टनर को यह महसूस करा सकते हैं कि आप हमेशा उनके साथ हैं, चाहे हालात कैसे भी हों,यह दोस्ती और प्यार दोनों रिश्तों में खुशी लाता है.
5. 11 फरवरी प्रॉमिस डे (Promise Day) – हर रिश्ता भरोसे और वादों पर टिका होता है. प्रॉमिस डे पर कपल्स एक-दूसरे से ईमानदारी, साथ निभाने और हर परिस्थिति में एक-दूसरे का सहारा बनने का वादा करते हैं. यह दिन रिश्तों की नींव को और मजबूत करता है.
6. 12 फरवरी हग डे (Hug Day) – कभी-कभी शब्दों से ज्यादा एक गले लगाना बहुत कुछ कह जाता है. हग डे पर अपने पसंदीदा को गले लगाकर आप अपने प्यार, अपनापन और सुरक्षा का एहसास करा सकते हैं. यह दिन भावनात्मक जुड़ाव को गहरा करता है.
7. 13 फरवरी किस डे (Kiss Day) – किस डे प्यार के इजहार का बेहद खास दिन होता है. इस दिन माथे, हाथ या गाल पर एक प्यारी-सी किस देकर अपने पार्टनर को स्पेशल महसूस कराया जाता है. यह सम्मान और सच्चे प्यार का प्रतीक माना जाता है.
8. 14 फरवरी वैलेंटाइन डे (Valentine Day) – सात दिन तक प्यार के अलग-अलग रंग दिखाने के बाद सबसे खास दिन वैलेंटाइन डे आता है. इस दिन कपल्स एक-दूसरे के साथ वक्त बिताते हैं, खास सरप्राइज देते हैं और अपने रिश्ते का जश्न मनाते हैं. यह दिन प्यार, विश्वास और साथ का प्रतीक है.
यह भी पढ़ें – इस वेबसाइट पर कर दिया रजिस्ट्रेशन तो खुद की शादी में होगी कमाई, निकल आएगा टेंट और केटरिंग का खर्चा
Read More at www.abplive.com