Epstein Files: एपस्टीन फाइल से जुड़ा ब्रिटेन के पूर्व शाही परिवार का नाम! प्रिंस एंड्रयू की फोटो सामने आने से हंगामा

ब्रिटेन के पूर्व शाही सदस्य प्रिंस एंड्रयू एक बार फिर वैश्विक सुर्खियों में हैं. इसका कारण अमेरिका के न्याय विभाग की ओर से जारी किए गए लाखों दस्तावेज हैं, जो एपस्टीन से जुड़े मामलों से संबंधित हैं. अमेरिकी न्याय विभाग ने 30 लाख पन्नों की फाइल जारी की है, जिसमें 18000 फोटो और वीडियो शामिल है. एपस्टीन एपस्टीन फाइल्स के सार्वजनिक होने के बाद प्रिंस एंड्रयू के एपस्टीन के साथ पुराने संबंधों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इन नए दस्तावेजों के सामने आने के बावजूद प्रिंस एंड्रयू के खिलाफ कोई नया आपराधिक आरोप दर्ज किया गया है या नहीं.

एपस्टीन फाइल्स उन अदालती रिकॉर्ड्स, ईमेल संवाद, गवाहियों और जांच से जुड़े दस्तावेज़ों का संग्रह हैं, जो जेफ्री एपस्टीन के खिलाफ चले मामलों में दर्ज किए गए थे. इनमें से कई दस्तावेज पहले सीलबंद थे और हाल ही में अमेरिकी अदालतों के आदेश के बाद सार्वजनिक किए गए हैं. इन फाइल्स में एपस्टीन के कॉन्टेक्ट, ट्रैवलिंग और प्रभावशाली लोगों से जुड़े संबंधों का जिक्र है. इनमें कई जाने-माने नाम सामने आए हैं.

नई तस्वीरें और उनका कानूनी महत्व

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक एपस्टीन फाइल्स में शामिल कुछ तस्वीरों ने सबसे अधिक ध्यान खींचा है. इन तस्वीरों में एक प्रिंस एंड्रयू भी हैं, जो एक महिला के पास दिखाई दे रहे हैं. महिला का चेहरा धुंधला किया गया है और उसके बारे में कोई पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. इन तस्वीरों के साथ कोई जानकारी साफतौर पर मौजूद नहीं है. यह नहीं बताया गया है कि तस्वीरें कब ली गईं, कहां ली गईं और किस संदर्भ में ली गईं. इस बीच अमेरिकी न्याय विभाग ने भी इन तस्वीरों के आधार पर प्रिंस एंड्रयू के खिलाफ कोई नया मामला दर्ज नहीं किया है.

वर्जीनिया जियुफ्रे के आरोप और कानूनी समझौता

एपस्टीन फाइल्स से जुड़ा सबसे गंभीर हिस्सा वर्जीनिया जियुफ्रे की तरफ से लगाए गए आरोप रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि जेफ्री एपस्टीन ने उन्हें नाबालिग अवस्था में प्रभावशाली लोगों के पास यौन शोषण के लिए भेजा, जिनमें प्रिंस एंड्रयू भी शामिल थे. जियुफ्रे का कहना था कि उनके साथ तीन बार यौन तस्करी की गई, जिनमें से दो बार वह 17 वर्ष की थीं. प्रिंस एंड्रयू ने इन आरोपों को हमेशा नकारा है.

ये भी पढ़ें: बलोचों ने बढ़ा दीं आसिम मुनीर की धड़कनें! BLA ने 84 सुरक्षाकर्मी मार गिराए, रात में ग्वादर पोर्ट पर किया अटैक

Read More at www.abplive.com