Share Market on Sunday: आज छुट्टी के दिन शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करने के लिए रहें तैयार, बजट कर देगा मालामाल – share market on sunday bse nse stock market trading 1 february 2026 sunday fm nirmala sitharaman budget 2026

Budget 2026: आमतौर पर शेयर बाजार शनिवार और रविवार को बंद रहता है। लेकिन इस बार एक खास वजह से रविवार को भी बाजार खुलेगा। करीब 26 साल बाद ऐसा मौका आ रहा है, जब संडे के दिन NSE और BSE में ट्रेडिंग होगी। वजह है देश का आम बजट 2026। आज निवेशक छुट्टी के दिन संडे को शेयर बाजार में ट्रेडिंग करने के लिए तैयार रहें। शेयर बाजार में अपने सामान्य दिनों की तरह कारोबार होगा।

आज 1 फरवरी को पेश होगा बजट

सरकार 1 फरवरी को बजट पेश करने जा रही है। इस बार 1 फरवरी रविवार है। बजट की अहमियत को देखते हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने फैसला लिया है कि उस दिन बाजार बंद नहीं रहेगा। निवेशक सामान्य दिनों की तरह ट्रेड कर सकेंगे।

क्यों लिया गया यह फैसला

बजट का सीधा असर शेयर बाजार पर पड़ता है। टैक्स, सरकारी खर्च, इंफ्रास्ट्रक्चर, बैंकिंग, मैन्युफैक्चरिंग और कैपिटल मार्केट से जुड़े बड़े ऐलान इसी दिन होते हैं। ऐसे में एक्सचेंज चाहते हैं कि बाजार को तुरंत प्रतिक्रिया देने का मौका मिले। अगर बाजार बंद रहता, तो निवेशकों को अगले ट्रेडिंग डे तक इंतजार करना पड़ता।

स्पेशल लाइव ट्रेडिंग सेशन

NSE और BSE ने सर्कुलर जारी कर साफ किया है कि 1 फरवरी को विशेष लाइव ट्रेडिंग सेशन होगा। हालांकि निवेशकों के लिए इसमें कुछ अलग नहीं होगा। ट्रेडिंग का तरीका और नियम वही रहेंगे, जो आम दिनों में होते हैं।

ट्रेडिंग का समय क्या रहेगा

रविवार को भी बाजार की टाइमिंग बिल्कुल सामान्य रहेगी। प्री-ओपन मार्केट सुबह 9:00 बजे से 9:08 बजे तक होगा। उसके बाद नॉर्मल ट्रेडिंग सेशन सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक होगा। यानी निवेशक बजट भाषण के दौरान और उसके तुरंत बाद भी ट्रेड कर पाएंगे। आमतौर पर बजट भाषण सुबह 11 बजे शुरू होता है। उसी समय बाजार में हलचल तेज हो जाती है।

इतिहास में दूसरी बार

आजाद भारत के इतिहास में यह दूसरी बार होगा, जब रविवार को शेयर बाजार खुलेगा। इससे पहले 28 फरवरी 1999 को ऐसा हुआ था। उस समय अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने बजट पेश किया था। तब बजट 1 फरवरी की जगह 28 फरवरी को आता था।

निवेशकों के लिए क्यों अहम

इस फैसले से निवेशकों को बड़ा फायदा होगा। बजट के ऐलान के साथ ही वे अपनी रणनीति बदल सकते हैं। कोई मुनाफा बुक कर सकता है, तो कोई नुकसान से बचने के कदम उठा सकता है। खासकर शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स के लिए यह दिन काफी अहम हो सकता है। अगर आप बजट डे पर ट्रेडिंग करने की सोच रहे हैं, तो पहले से प्लान बना लें।

Read More at hindi.moneycontrol.com