भारत ने यूरोपीय यूनियन के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट साइन किया है और अमेरिका के साथ भी डील को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है. इस बीच भारत अपने करीबी देश इजरायल के साथ भी जल्दी ही बड़ा ट्रेड समझौता करने वाला है. भारत में इजरायल के राजदूत रियूवेन अजार ने शनिवार (31 जनवरी, 2026) को दोनों देशों के बीच के मजबूत संबंधों का जिक्र करते हुए इस बात पर मुहर लगा दी है कि भारत और इजरायल के बीच जल्द फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर समझौता हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों ने FTA पर बातचीत के लिए नियमों पर साइन कर दिए हैं.
पहले आसान फिर जटिल मुद्दों पर होगी चर्चाः अजार
इजरायली राजदूत ने कहा कि भारत का एक प्रतिनिधिमंडल अगले महीने फरवरी में तेल अवीव की यात्रा करने वाला है. इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों के बीच FTA को लेकर बातचीत की जाएगी. शुरुआती चरण में दोनों देशों के बीच आसान मुद्दों के जल्द से जल्द निपटाने की कोशिश की जाएगी. इसके बाद जब सभी सरल मुद्दों पर समाधान हो जाए, तब जटिल मुद्दों को उठाया जाएगा और उन पर दोनों पक्षों की ओर से एकमत तय करने पर चर्चा होगी. अजार ने उम्मीद जताई है कि दोनों देशों के बीच इसी साल व्यापार को लेकर समझौता पूरा हो सकता है.
IMEC पर क्या बोले इजरायली राजदूत अजार?
वहीं, भारत-मध्य पूर्व-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) पर चर्चा करते हुए इजरायली राजदूत रियूवेन अजार ने कहा कि इजरायल व्यापार को आसान बनाने और सामानों पर लागत को कम करने के लिए लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने को लेकर जोर दे रहा है. उन्होंने कहा, ‘इजरायल में हमारी टास्क फोर्स है, जो लॉजिस्टिक्स से निपटने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण पर काम कर रही है, क्योंकि हम व्यापार को आसान को बनाना चाहते हैं. हम सामान लाने और लेकर जाने पर लगने वाले खर्च को न्यूनतम स्तर तक लेकर जाना चाहते है. मुझे लगता है कि इससे सभी के लिए आर्थिक रूप से खुशहाली आएगी.’
उन्होंने कहा, ‘हमें इस बात की उम्मीद है कि भारत के पार्टनरशिप और दूसरे देशों के साथ मिलकर अमेरिका के नेतृत्व में हम दुनिया के कई देशों में व्यापार और कारोबार को आसान बना सकते हैं, लेकिन इस बीच हमें निजी सेक्टर को सामान लाने और लेकर जाने में मदद करने के लिए जो कुछ भी हम कर सकते हैं, वह करना होगा और हम वही कर रहे हैं.’
यह भी पढ़ेंः ‘अजित दादा पवार के सपनों…’, सुनेत्रा पवार ने ली महाराष्ट्र के डिप्टी CM की शपथ तो PM मोदी ने दी बधाई
Read More at www.abplive.com