Budget 2026 : रेलवे सेक्टर को क्या सौगात देगी सरकार, किन स्टॉक्स में दिखेगी हलचल? जानिए डिटेल – budget 2026 railway sector outlook which railway stocks will be in focus rites irctc irfc railtel ircon concor and signalling companies

Budget 2026 : यूनियन बजट 2026 के दौरान रेलवे से जुड़े शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रहने की उम्मीद है। इसकी वजह इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का लगातार खर्च और रेलवे सेक्टर में पॉलिसी की निरंतरता को लेकर बनी उम्मीदें हैं। बाजार किसी बड़े सरप्राइज की उम्मीद नहीं कर रहा, लेकिन चुनिंदा शेयरों में हलचल संभव मानी जा रही है।

एनालिस्टों का मानना है कि रेलवे सेक्टर में लगातार कैपिटल एक्सपेंडिचर कुछ खास शेयरों के लिए अहम ड्राइवर बना रहेगा। खासतौर पर वे कंपनियां फोकस में रहेंगी, जो एग्जीक्यूशन, सेफ्टी और कैपेसिटी एक्सपेंशन से सीधे तौर पर जुड़ी हैं।

इकोनॉमिक सर्वे से मिल रहा मजबूत सपोर्ट

रेलवे शेयरों को लेकर सकारात्मक नजरिया इकोनॉमिक सर्वे में बताए गए व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान से जुड़ा है। इसमें रिकॉर्ड कैपिटल आउटले, तेजी से नेटवर्क विस्तार और लगभग पूरी तरह इलेक्ट्रिफिकेशन पर जोर दिया गया है। FY26 में रेलवे कैपेक्स में करीब 15% की बढ़ोतरी की उम्मीद है।

सरकार का फोकस कॉरिडोर बेस्ड कैपेसिटी क्रिएशन, एसेट मॉडर्नाइजेशन और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी पर बना हुआ है। इससे रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को लंबी अवधि में मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सेक्टर नहीं, स्टॉक-स्पेसिफिक रहेगा असर

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि बजट का असर रेलवे शेयरों पर सेक्टर-वाइड कम और स्टॉक-स्पेसिफिक ज्यादा रहेगा। जिन कंपनियों के पास मजबूत ऑर्डर बुक, बेहतर एग्जीक्यूशन क्षमता और भविष्य की परियोजनाओं को लेकर साफ विजिबिलिटी है, वे बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं।

किन रेलवे स्टॉक्स पर रहेगा फोकस

सरकारी रेलवे कंपनियों में RITES को एक पसंदीदा विकल्प माना जा रहा है। इसकी वजह इसका कंसल्टेंसी-ड्रिवन बिजनेस मॉडल और सरकारी रेलवे व इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से सीधा जुड़ाव है। वहीं गैर-सरकारी में Titagarh Rail Systems पर निवेशकों की नजर है। रोलिंग स्टॉक की मजबूत मांग, चल रहा कैपेसिटी एक्सपेंशन और एक्सपोर्ट के अवसर इसे फायदा पहुंचा सकते हैं।

रेलवे से जुड़े एंसिलरी स्टॉक्स, खासकर सिग्नलिंग, सेफ्टी सिस्टम और ट्रेन प्रोटेक्शन टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियां भी आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं। CG Power, HBL Power और Kernex Microsystems जैसी कंपनियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। एडवांस सिग्नलिंग, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और कवच ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम के तेज रोलआउट से इन कंपनियों के ऑर्डर फ्लो को सपोर्ट मिल सकता है।

  • RITES : RITES कंसल्टेंसी और एक्सपोर्ट असाइनमेंट पर फोकस करने वाली PSU कंपनी है। Q2 FY26 में मुनाफा और मार्जिन बेहतर रहे, हालांकि शेयर बीते एक साल में करीब 14% फिसला है।
  • RailTel Corporation of India: रेलटेल ने Q2 में रेवेन्यू और EBITDA में मजबूत ग्रोथ दिखाई है। लॉन्ग टर्म में रिटर्न शानदार रहा है, लेकिन हाल के महीनों में स्टॉक दबाव में है।
  • Ircon International : इरकॉन का रेवेन्यू मजबूत रहा, लेकिन कड़ी प्रतिस्पर्धा से मुनाफे पर दबाव दिखा। मजबूत ऑर्डर बुक इसे लंबी अवधि की विजिबिलिटी देती है।
  • Container Corporation of India : Concor में वॉल्यूम ग्रोथ मजबूत रही, खासकर एक्सपोर्ट और डोमेस्टिक कार्गो में। हालांकि लागत दबाव के चलते शेयर पिछले एक साल में कमजोर रहा है।
  • IRCTC: इस मोनोपॉली वाली रेलवे कंपनी का टिकटिंग और कैटरिंग बिजनेस मजबूत बना हुआ है और मार्जिन 35% से ऊपर है। स्टॉक में करेक्शन आया है, लेकिन लॉन्ग टर्म रिटर्न अब भी मजबूत है।
  • IRFC: इस सरकारी रेलवे कंपनी ने Q3 FY26 में अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही मुनाफा दर्ज किया है। मजबूत बैलेंस शीट और स्थिर आय इसे डिफेंसिव रेलवे स्टॉक बनाती है।

स्टेशन रिडेवलपमेंट और सेफ्टीपर फोकस

Axis Securities समेत कई ब्रोकरेज फर्म्स का मानना है कि स्टेशन रिडेवलपमेंट और सेफ्टी अपग्रेड्स बजट की अहम प्राथमिकताओं में बने रहेंगे।

PM GatiShakti के तहत इकोनॉमिक रेलवे कॉरिडोर का तेज इम्प्लीमेंटेशन, कवच 4.0 को अपनाने की रफ्तार और एडवांस सिग्नलिंग सिस्टम आने वाले वर्षों में रेलवे सेक्टर की एग्जीक्यूशन स्ट्रैटेजी का अहम हिस्सा रहेंगे।

कुल मिलाकर, यूनियन बजट 2026 में पॉलिसी स्टेबिलिटी और रेलवे मॉडर्नाइजेशन को लेकर सरकार की लंबी अवधि की प्रतिबद्धता पर बाजार की पैनी नजर रहेगी। सेक्टर की ग्रोथ स्टोरी बनी हुई है, लेकिन निवेशक पूरे सेक्टर के बजाय मजबूत फंडामेंटल और साफ विजिबिलिटी वाली कंपनियों को ही प्राथमिकता दे सकते हैं।

Union Budget 2026: डेटा सेंटर फोकस में रहने की उम्मीद, इन स्टॉक्स पर रहेगी नजर

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

Read More at hindi.moneycontrol.com