मिंकी मर्डर केस: हत्यारे ने इसलिए धड़ से अलग किया था सिर, शरीर से उतार लिए थे कपड़े, जानें अपडेट

Agra Murder News: उत्तर प्रदेश में आगरा के मिंकी मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है. आरोप है कि 30 साल के एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी. यहीं नहीं हत्या के बाद युवक ने गर्लफ्रेंड के शरीर के टुकड़े कर दिए और फिर लड़की का सिर काटकर एक बोरे में भरकर उसे एक नाले में फेंक दिया.

इस क्रूर घटना से जांच अधिकारी भी चौंक गए हैं. आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है. अब खुलासा हुआ है कि हत्यारे ने मिंकी का सिर धड़ से इसलिए अलग कर दिया था ताकि उसकी पहचान न हो सके. इतना ही नहीं हत्यारे ने मिंकी की हत्या करने के बाद उसके शरीर से सारे कपड़े भी निकाल लिए थे. ताकि शव के टुकड़े मिलने के बाद कपड़ों से मिंकी की पहचान न हो सके.

बड़ी बात यह है कि आगरा पुलिस को अभी तक मिंकी का सिर नहीं मिला है. पुलिस ने बताया कि उसकी तलाश जारी है. इस सनसनीखेज घटना को लेकर आगरा के डीसीपी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मृतक लड़की 30 साल की थीं. वह एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर काम करती थीं. लड़की का ऑफिस आगरा में ही था. विनय नाम के एक युवक के साथ उसका प्रेम संबंध था.

मिंकी को शादी के लिए किया था प्रपोज

पुलिस ने बताया कि मिंकी और विनय एक ही कंपनी में काम करते थे. विनय एक अकाउंटेंट के तौर पर काम करता था. विनय ने मिंकी को शादी के लिए प्रपोज किया था, लेकिन मिंकी ने इनकार कर दिया. पुलिस ने बताया कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. 

हत्या कर शव के टुकड़ों को ठिकाने लगाया

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, झगड़े के बाद विनय ने मिंकी पर हमला कर दिया. आरोप है कि विनय ने नारियल काटने वाले चाकू जैसे धारदार हथियार से मिंकी पर बार-बार वार किया. लड़की की गर्दन पर गंभीर वार किया. इसके बाद उसने पूरे शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए. फिर उसने प्लास्टिक के एक बैग में शरीर के अंगों को भरकर उसके मुंह को पार्सल बंद करने वाले मजबूत टेप से बंद कर दिया.

उसने लड़की का सिर दूसरे बोरे में भर दिया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विनय ने 24 जनवरी की रात मिंकी की हत्या कर दी. फिर वह बोरे में शव भरकर यमुना नदी में फेंकने गया, लेकिन रास्ते में ही पुल पर शव छोड़कर आरोपी फरार हो गया. हालांकि, पुलिस ने बताया कि उसने लड़की का सिर एक काले रंग के पैकेट में भरकर नाले में फेंक दिया. गोताखोर अभी भी शरीर के अंगों की तलाश कर रहे हैं. 

शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कई सीसीटीवी फुटेज देखने और ऑफिस में मिले कई सबूतों के आधार पर पुलिस ने 25 जनवरी को आरोपी विनय को गिरफ्तार कर लिया. लड़की के शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं (हत्या, सबूत मिटाना, झूठी जानकारी देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस ने वह हथियार भी बरामद कर लिया है जिससे हत्या की गई थी और जिस स्कूटर का इस्तेमाल यात्रा के लिए किया गया था, उस समय आरोपी ने जो कपड़े पहने थे, वह भी बरामद कर लिए गए हैं.  

Read More at www.abplive.com