महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार के निधन के बाद मुंबई समेत राज्य के कई हिस्सों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूल तीन दिनों तक बंद रहेंगे. हालांकि, राज्य सरकार ने इस पर स्थिति साफ कर दी है. सरकार के अनुसार, स्कूलों की छुट्टी केवल 28 जनवरी के लिए ही घोषित की गई थी, इसके बाद स्कूल सामान्य रूप से संचालित होंगे.
राज्य सरकार की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आदेश पर केवल 28 जनवरी को स्कूल बंद रखे गए थे. इसके बाद 29 और 30 जनवरी को स्कूलों के संचालन पर कोई प्रतिबंध नहीं है. छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे स्कूल खुलने से जुड़ी सटीक जानकारी के लिए अपने-अपने स्कूल प्रशासन से संपर्क करें.
3 दिन का राजकीय शोक घोषित
अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र सरकार ने पूरे राज्य में तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है. इस दौरान, 30 जनवरी तक राज्य के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे, लेकिन स्कूल और शैक्षणिक संस्थान सामान्य रूप से खुले रहेंगे.
राज्य सरकार की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया है, “अजित आशाताई अनंतराव पवार, माननीय उपमुख्यमंत्री, महाराष्ट्र सरकार का 28 जनवरी 2026 को निधन हो गया. दिवंगत नेता के प्रति सम्मान स्वरूप, पूरे महाराष्ट्र राज्य में तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया जाता है.”
नोटिस में आगे कहा गया है, “महाराष्ट्र सरकार एतद्द्वारा बुधवार, 28 जनवरी 2026 को माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अजित आशाताई अनंतराव पवार के दुखद निधन के कारण राज्य भर के सभी राज्य सरकारी कार्यालयों को बंद घोषित करती है.”
इसके अलावा नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि “महाराष्ट्र सरकार के निर्देशानुसार, राज्य भर में जहां-जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहां उसे आधा झुका कर फहराया जाए. इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार का आधिकारिक मनोरंजन नहीं होगा.”
इन जिलों में भी 28 जनवरी को स्कूल बंद रहे
मुंबई के अलावा पुणे, ठाणे, नागपुर, नासिक, औरंगाबाद (छत्रपति संभाजीनगर), सोलापुर, कोल्हापुर, अहमदनगर (अहिल्यानगर) सहित महाराष्ट्र के सभी जिलों में 28 जनवरी को स्कूल बंद रखे गए थे.
बता दें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार का निधन उस समय हुआ जब उनका विमान बारामती हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग की कोशिश कर रहा था. लैंडिंग के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दर्दनाक हादसे में दो पायलटों के साथ-साथ पवार के एक निजी सुरक्षा अधिकारी और एक सहायक की भी मौत हो गई.
Read More at www.abplive.com