Gold Price Rising: सोना भारतीय समाज के लिए केवल धातु नहीं, बल्कि यह परंपरा, आस्था और शुभता से भी जुड़ा है. भारतीय संदर्भ में एक कहावत है कि- सोना कभी मिट्टी नहीं होता. यही कारण है कि, लोग सोने को केवल आभूषण या धातु मात्र नहीं बल्कि निवेश और स्थायी संपत्ति के रूप में भी देखते हैं.
वर्षों से ही सोने को परंपरागत वित्तीय वस्तु माना जाता है. खासकर भारतीय परंपरा और हिंदू संस्कृति में सोने का विशेष महत्व है. सोने के कुछ आभूषण जैसे मंगलसूत्र और कंगन आदि सुहागिने आस्था, शुभता और सुरक्षा के लिहाज से भी धारण करती हैं. लेकिन हाल के दिनों में सोने की लगातार बढ़ती कीमतें लोगों की चिंता बढ़ा रही है.
ऋषि ब्रह्मंगारु ने क्यों कहा, सोना बन जाएगा अमीरों की धरोहर
सोने की चमक हमेशा ही चर्चा में रही है, लेकिन इनदिनों लगातार बढ़ती कीमतों के कारण सोना चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रतिदिन सोने की कीमतें नया रिकॉर्ड बना रही है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि, ऋषि ब्रह्मंगारु ने सालों पहले यह बता दिया था कि, एक समय ऐसा आएगा जब सोना आम लोगों की पहुंच से बाहर होगा और केवल अमीरों की धरोहर बनकर रह जाएगा. आज सोने के बढ़ते भाव की स्थिति देख यह कहना गलत नहीं होगा कि, ऋषि ब्रह्मंगारु की यह बात अब काफी हद तक सच हो रही है.
कौन हैं ऋषि ब्रह्मंगारु (rishi brahmamgaru)
वर्षों पहले कालज्ञान (Kaal Gyan) लिखने वाले ऋषि ब्रह्मंगारु को दक्षिण भारत का महान ज्ञानी और भविष्यद्रष्टा कहा जाता है. इनके द्वारा की गई कई भविष्यवाणियां धीरे-धीरे सच साबित हो रही हैं, जिसमें सोने की कीमत भी एक है. ऋषि ब्रह्मंगारु ने कहा था कि, सोने की कीमत इतनी बढ़ जाएगी कि, महिलाएं सोने की जगह किसी अन्य सस्ती चीजों के जेवर पहनने लगेंगी.
भले ही उस समय यह बात केवल कल्पना लगती हो, लेकिन आज की स्थिति कुछ ऐसी ही है. सोने की खरीदारी आम लोगों पर भारी पड़ रही है. सोने की बढ़ती कीमतों का असर अब शादी-ब्याह, त्योहारों और पारंपरिक खरीदारी पर पड़ रहा है. महंगाई के कारण लोग अब कम वजन या अन्य धातु के जेवर की ओर रुख कर रहे हैं.
सोने का भाव (Gold Price)- सोने की कीमत में लगातार तेजी बरकरार है और लोगों को चौंका रही है. गोल्ड रेड फिलहाल 24 कैरेट -1,62,100 रुपए, 22 कैरेट- 1,48,600 रुपए और 18 कैरेट- 1,21,610 रुपए है. बता दें कि शहर और दिन के अनुसार कीमतों में अंतर हो सकता है.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
Read More at www.abplive.com