Paytm Shares: 10% टूटने के बाद संभला पेटीएम, इस कारण खरीदारी को लौटे निवेशक – paytm share price target cut by jefferies but buy rating maintained

Paytm Share Price: पेटीएम के शेयरों में एक कारोबारी दिन पहले शुक्रवार 23 जनवरी को बिकवाली का भारी दबाव दिखा था और यह करीब 10% टूट गया। हालांकि आज भी शुक्रवार को जिस वजह से गिरावट आई थी, उसे लेकर कुछ अपडेट तो नहीं आया है लेकिन जेफरीज का मानना है कि इसका असर सीमित रह सकता है तो इसके शेयरों ने आज संभलने की कोशिश की। जेफरीज के मुताबिक रेवेन्यू के अन्य स्रोत के जरिए पेटीएम इस झटके के असर को कम कर सकती है। इन सबके चलते फिलहाल बीएसई पर यह 0.46% की बढ़त के साथ ₹1146.00 पर है। इंट्रा-डे में यह 1.51% उछलकर ₹1158.00 तक पहुंच गया था।

Paytm में क्यों आई थी गिरावट और क्या है Jefferies का रुझान?

वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने पेटीएम का टारगेट प्राइस ₹1,600 से घटाकर ₹1,450 कर दिया है। इससे पहले शुक्रवार को पेटीएम के शेयर करीब 10% टूट गए थे और यह गिरावट इसलिए आई थी क्योंकि पेमेंट्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड (PIDF) की डेडलाइन 31 दिसंबर बीतने के बाद इसे आगे खिसकाने को लेकर RBI से कोई अपडेट नहीं आया। हालांकि इसे लेकर पेटीएम का कहना है कि अगर इस योजना को आगे नहीं खिसकाया जाता है तो भी रेवेन्यू के अन्य स्रोत के जरिए इसका असर कम हो जाएगा।

इस वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में कंपनी ने इस स्कीम के जरिए ₹128 करोड़ का इंसेंटिव हासिल किया। यह कंपनी के ऑपरेटिंग प्रॉफिट में 46% रहा। यह स्कीम जनवरी 2021 में लॉन्च हुई थी और इसे टियर-3 से टियर-6 शहरों में पीओएस टर्मिनल्स और क्यूआर कोड्स जैसे पेमेंट एस्सेप्टेंस इंफ्रा को बढ़ावा देने के लिए लॉन्च किया गया था।

चूंकि इस स्कीम को आगे बढ़ाने को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है तो जेफरीज ने पेटीएम को लेकर अपने आउटलुक से इसे हटा दिया है। पहले इसका अनुमान था कि इंसेंटिव का आंकड़ा वित्त वर्ष 2027 और वित्त वर्ष 2028 में ₹280 करोड़ पर पहुंच सकता है। हालांकि इसे हटाने के बाद जेफरीज ने इसके कुछ हिस्से को डिवाइस सब्सक्रिप्शन फीस को मौजूदा 3% की बजाय 6-7% के उछाल और लागत पर कंट्रोल के जरिए ए़डजस्ट किया। जेफरीज का कहना है कि कंपनी मुनाफे पर इसके झटके को हल्का करने के लिए ऑपरेटिंग एक्सपेंडिचर पर नियंत्रण कर सकती है। जेफरीज का मानना है कि पेटीएम के एडजस्टेड ऑपरेटिंग प्रॉफिट को 8-14% का झटका लग सकता है। हालांकि इन चुनौतियों के बावजूद जेफरीज का मानना है कि कंपनी का बिजनेस फंडामेंटल मजबूत बना हुआ है और रेवेन्यू के नए रास्ते कतार में है तो इस कारण खरीदारी की रेटिंग बरकरार रखी है।

अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?

पेटीएम के शेयर 18 नवंबर 2021 को घरेलू स्टॉक मार्केट में लिस्ट हुए थे। ₹18300 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को यह ₹2150 के भाव पर जारी हुआ था लेकिन आज तक यह इस भाव पर कभी पहुंच नहीं पाया। अभी तक यह ₹1875 के लेवल तक ही पहुंच पाया है जो इसने लिस्टिंग के कुछ दिनों बाद 25 नवंबर 2021 को इंट्रा-डे में छुआ था। इस हाई से करीब 30 महीने में यह 83.47% टूटकर 9 मई 2024 को ₹310 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक आ गया था।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

Read More at hindi.moneycontrol.com