संजय कपूर की मां रानी कपूर ने दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल की अर्जी ,रानी कपूर का बड़ा आरोप फर्जी फैमिली ट्रस्ट बनाकर पूरी संपत्ति हड़पने की साजिश

दिल्ली हाईकोर्ट में दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर के परिवार से जुड़ा एक बड़ा कानूनी विवाद सामने आया है. संजय कपूर की मां रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया कपूर और एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के बच्चों के खिलाफ मुकदमा दायर किया है. रानी कपूर का आरोप है कि उनके पूरे पारिवारिक संपत्ति और विरासत को हड़पने के लिए एक फर्जी फैमिली ट्रस्ट बनाया गया.

रानी कपूर का आरोप आरके फैमिली ट्रस्ट/रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट पूरी तरह अवैध, फर्जी है.

दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल अर्जी के मुताबिक, 80 वर्षीय रानी कपूर ने कोर्ट में कहा है कि आरके फैमिली ट्रस्ट/रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट पूरी तरह अवैध, फर्जी और है. उनके मुताबिक, ये ट्रस्ट उनकी जानकारी और सहमति के बिना बनाया गया और उनकी सारी संपत्ति को गलत तरीके से इसमें डाल दिया गया.

रानी कपूर का कहना है कि उन्हें इस कथित धोखाधड़ी का पता अपने बेटे संजय कपूर की मौत के बाद चला, जिनका निधन 12 जून 2025 को हुआ था. इस मामले में कुल 23 लोगों को पक्ष कार बनाया गया है. इनमें बहू प्रिया कपूर, उनका बेटा अज़ारियस कपूर, करिश्मा कपूर के बच्चे समायरा कपूर और कियान कपूर, रानी कपूर की बेटी मंधीरा कपूर स्मिथ और उनके दो बच्चे शामिल हैं.

रानी कपूर की दलील वो अपने दिवंगत पति डॉ. सुरिंदर कपूर की इकलौती उत्तराधिकारी 

दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल अर्जी के मुताबिक, रानी कपूर ने बताया कि वो अपने दिवंगत पति डॉ. सुरिंदर कपूर की इकलौती उत्तराधिकारी हैं. डॉ. कपूर सोना ग्रुप ऑफ कंपनियों के प्रमोटर थे और उनका निधन जून 2015 में हुआ था. उन्होंने 6 फरवरी 2013 को वसीयत बनाई थी जिसके तहत उनकी पूरी संपत्ति रानी कपूर को मिली. इस वसीयत को जनवरी 2016 में बॉम्बे हाईकोर्ट से प्रोबेट भी मिल चुका है और उनके तीनों बच्चों ने इस पर सहमति दी थी.

रानी कपूर का आरोप प्रिया कपूर ने बिना उन्हें बताए सोना ग्रुप की कंपनियों में अहम पद संभाल लिए.

इसके बावजूद रानी कपूर का आरोप है कि साल 2017 के आसपास एक जटिल और अवैध लेन-देन के जरिए उनकी संपत्ति ट्रस्ट में डाल दी गई. उन्होंने ये भी कहा कि बेटे की मौत के तुरंत बाद बहू प्रिया कपूर ने बिना उन्हें बताए सोना ग्रुप की कंपनियों में अहम पद संभाल लिए. रानी कपूर ने दावा किया कि उनकी ईमेल आईडी को हैक बताकर उनसे कंपनी की जानकारी छिपाई गई और उनकी जानकारी के बिना नया ईमेल बनाकर ट्रस्ट और कंपनी के फैसले लिए गए. अब रानी कपूर ने कोर्ट से मांग की है कि उनकी पूरी संपत्ति और पारिवारिक विरासत उन्हें वापस सौंपी जाए, जैसी वो इस कथित ट्रस्ट के बनने से पहले थी.

Read More at www.abplive.com