Putin India Visit : राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2 दिन की भारत यात्रा पर हैं। उनका आज शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में जोरदार स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। हैदराबाद हाउस में पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और रूसी राष्ट्रपति पुतिन (Russian President Putin) के बीच आधिकारिक बातचीत खत्म होने के बाद दोनों नेताओं ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत-रूस के बीच हुए कई समझौतों का आदान-प्रदान किया। ये समझौते दोनों देशों के आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं। पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की बैठक में डिफेंस के साथ-साथ खेल और व्यापार को लेकर भी समझौता हुआ। इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा , खाद्य सुरक्षा, शिपिंग, ट्रांसपोर्ट, फर्टिलाइजर , कस्टम मामले और डाक सेवा पर एमओयू हुआ है।
पढ़ें :- Putin India Visit : पुतिन को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे PM मोदी, थोड़ी देर में दिल्ली पहुंचेंगे रूसी राष्ट्रपति
दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आए पुतिन के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मेरा मानना है कि भविष्य में हमारी मित्रता हमें वैश्विक चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाएगी।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, राष्ट्रपति पुतिन के नेतृत्व ने भारत-रूस संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। भारत और रूस ने अपनी अर्थव्यवस्थाओं के रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग विकसित करने की योजना बनाई। हमारे संबंध ऐतिहासिक मील के पत्थर पार कर रहे हैं – 25 साल पहले, राष्ट्रपति पुतिन ने हमारी रणनीतिक साझेदारी की नींव रखी थी।
दोनों देशों ने 2030 तक का आर्थिक सहयोग का मास्टर प्लान तैयार किया है, जो ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और शिपबिल्डिंग में बड़े बदलाव लाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘भारत और रूस लंबे समय से आतंकवाद के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। चाहे पहलगाम में हुआ आतंकी हमला हो या क्रोकस सिटी हॉल पर किया गया कायराना हमला- इन सभी घटनाओं की जड़ एक ही है। भारत का अटूट विश्वास है कि आतंकवाद मानवता के मूल्यों पर सीधा हमला है और इसके खिलाफ वैश्विक एकजुटता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भारत और रूस का संयुक्त राष्ट्र, G20, BRICS, SCO और अन्य मंचों पर घनिष्ठ सहयोग है. हम इन सभी मंचों पर संवाद और सहयोग को आगे भी जारी रखेंगे।’
पढ़ें :- आज भारत आ रहे हैं रूसी राष्ट्रपति पुतिन, दोनों देशों के बीच कई बड़ी डील की उम्मीद
Read More at hindi.pardaphash.com