अखिलेश यादव से हुई मुलाकात में क्या हुई बात? डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने खुद किया खुलासा


पटना एयरपोर्ट पर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ की एक तस्वीर सामने आई थी. दोनों नेताओं के बीच मुलाकात की हकीकत झांसी में सोमवार को सामने आई है. डिप्टी सीएमक केशव प्रसाद मौर्य ने खुद मीडिया के सामने उस मुलाकात की अंदरूनी बातें साझा कीं.

झांसी जिले में आयोजित यूनिटी मार्च में शामिल होने पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से पत्रकारों ने पूछा कि आखिर एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव से क्या बात हुई थी? पत्रकारों के इस सवाल का डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया है.

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “अखिलेश यादव ने पूछा था लड्डू कब खिला रहे हो? मैंने कहा 14 नवंबर को रिजल्ट आएगा, उसी दिन खिला दूंगा. लेकिन उस दिन मैं उन्हें खोजता रह गया, वे मिले ही नहीं. अब खुला निमंत्रण है आएं, लड्डू-रसगुल्ला दोनों खिलाएंगे.

फिर 2017 जैसा सामने आएगा रिजल्ट-केशव प्रसाद मौर्य

उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी की विजय यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है. हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और अब बिहार की जीत का जिक्र करते हुए मौर्य बोले कि पार्टी 2024 लोकसभा की तरह ही 2027 विधानसभा चुनाव में भी प्रचंड बहुमत दोहराएगी. जैसी कृपा जनता और नेतृत्व पर बनी है, 2017 जैसा रिजल्ट फिर सामने आएगा.

केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर कसा तंज

मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर पूछे गए सवाल पर मौर्य ने इसे लोकतंत्र का महापर्व बताया है. राहुल गांधी द्वारा बिहार में उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे पर तंज कसते हुए डिप्टी सीएम ने कहा, “उनकी पार्टी छह सीटों पर सिमट गई. तालाब में कूदो, नदी में कूदो, कुएं में कूदो चाहे तेजस्वी को लेकर या अखिलेश को लेकर कूदो, कुछ होने वाला नहीं है.

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव पर भड़के निरहुआ, बीजेपी नेता ने कहा- ‘बिहार में खेसारी का जो हाल हुआ वही…’

Read More at www.abplive.com