अब Gen-Z के तंबाकू उत्पाद सेवन को इस इस्लामिक मुल्क ने किया बैन, ऐसा सख्त कानून लागू करने वाला दुनिया का पहला देश बना

नई दिल्ली। नई पीढ़ी पर धूम्रपान प्रतिबंध (Smoking Ban) लागू कर मालदीव (Maldives) दुनिया का पहला देश बन गया है। इस्लामिक देश (Islamic Country) में अब जेन-जी (Gen-Z) सिगरेट या किसी भी तंबाकू उत्पाद (Tobacco Products) का सेवन नहीं कर पाएंगे। नए प्रतिबंधों के तहत 1 जनवरी 2007 के बाद जन्मे किसी भी व्यक्ति के लिए धूम्रपान करना, तंबाकू खरीदना या बेचना अब गैरकानूनी (Illegal) होगा।

पढ़ें :- Leh Gen-Z Protest : लद्दाख में Gen-Z ने मोदी सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, BJP ऑफिस फूंका तो महबूबा मुफ्ती बोलीं- ‘अब समय आ गया है कि…’

मालदीव के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह नागरिकों की सुरक्षा और तंबाकू-मुक्त पीढ़ी को बढ़ावा देने की कोशिशों का हिस्सा है। मंत्रालय ने कहा कि यह कदम मालदीव को ‘दुनिया का पहला देश बनाता है जिसने राष्ट्रीय स्तर पर पीढ़ीगत तंबाकू प्रतिबंध लागू किया है। इस साल की शुरुआत में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने इस पहल की शुरुआत की थी जिसके बाद स्मोकिंग पर शनिवार, 1 नवंबर से यह प्रतिबंध लागू कर दिया गया। बैन की घोषणा करते हुए मालदीव के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘नए प्रावधान के तहत, 1 जनवरी 2007 या उसके बाद जन्मे व्यक्तियों को मालदीव में तंबाकू उत्पादों की खरीद, उपयोग या बिक्री से प्रतिबंधित किया गया है। यह प्रतिबंध तंबाकू के सभी रूपों पर लागू होता है, और खुदरा विक्रेताओं के लिए यह अनिवार्य है कि वे बिक्री से पहले खरीदार की उम्र वेरिफाइ करें।

मालदीव जाने वाले पर्यटकों पर भी लागू होगा नियम

यह नियम मालदीव आने वाले पर्यटकों पर भी लागू होगा। मालदीव एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है और भारतीयों के बीच काफी लोकप्रिय है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि देश में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और वेपिंग प्रोडक्ट्स के आयात, बिक्री, वितरण, स्वामित्व और इस्तेमाल पर भी पूर्ण प्रतिबंध जारी रहेगा। यह नियम सभी आयु वर्ग के लोगों पर समान रूप से लागू होगा।

कानून तोड़ा तो कितना लगेगा जुर्माना?

पढ़ें :- अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की करेंगी मंत्रिमंडल का विस्तार, सात नए मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद

मालदीव में किसी नाबालिग को तंबाकू प्रोडक्ट्स बेचने पर 50,000 रूफिया (लगभग 2 लाख 84 हजार रुपये) का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, अगर कोई वेपिंग डिवाइस का इस्तेमाल करता है तो उसे 5,000 रूफिया (लगभग 28 हजार 412 रुपये) का जुर्माना देना होगा।

ब्रिटेन भी कर रहा जेन-जी के सिगरेट पीने पर बैन लगाने की तैयारी

इसी तरह का पीढ़ीगत प्रतिबंध ब्रिटेन में भी प्रस्तावित है। हालांकि, यह अभी विधायी प्रक्रिया में है। वहीं, न्यूजीलैंड ने भी ऐसा ही एक कदम उठाया था और वो ऐसा करने वाला पहला देश बन गया था। हालांकि, न्यूजीलैंड ने स्मोकिंग बैन लागू करने के एक साल से भी कम समय में नवंबर 2023 में इसे वापस ले लिया था। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, धूम्रपान हर साल दुनिया भर में 70 लाख से अधिक लोगों की जान लेता है। 2021 तक किए गए एक राष्ट्रीय सर्वेक्षण के अनुसार, मालदीव की 15 से 69 साल की आबादी में से एक-चौथाई से अधिक लोग तंबाकू का सेवन करते थे और 13 से 15 साल के किशोरों में यह दर लगभग दोगुनी थी।

Read More at hindi.pardaphash.com