गोंडा । यूपी के गोंडा जिले के कटरा बाजार में भाजपा विधायक बावन सिंह और ब्लॉक प्रमुख के समर्थकों के बीच मंगलवार शाम को हिंसक झड़प हुई। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नारेबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद पथराव और मारपीट में बदल गया है। झड़प में 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों में ब्लॉक प्रमुख का बेटा भी शामिल है।
पढ़ें :- “कलक्ट्रेट पर गूंजा शिक्षकों का स्वर, टीईटी अनिवार्यता खत्म करने की उठी मांग”
दरअसल, सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक कार्यक्रम में भाजपा के ब्लॉक प्रमुख और उनके समर्थक शामिल हुए थे। इसी सभागार में जीएसटी धन्यवाद कार्यक्रम में भाजपा विधायक अपने समर्थकों के साथ में शामिल हुए तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
विवाद इतना बढ़ गया कि कुर्सियां तोड़ी गईं और एक-दूसरे पर पत्थर फेंके गए। घटना की सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी तत्काल घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर भीड़ को तितर-बितर किया।
घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कटरा बाजार थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है। गोंडा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि तत्काल पुलिस के उच्च अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। अतिरिक्त पुलिस फोर्स को भी लगाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
राजनीतिक रंजिश को लेकर काफी दिनों से विवाद
पढ़ें :- आजम खान की रिहाई पर बोले सांसद रवि किशन, कहा- उत्तर प्रदेश की जनता नहीं चाहती है जंगल राज और गुण्डाराज
बावन सिंह और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला दोनों के बीच राजनीतिक रंजिश काफी पुरानी है। दोनों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा है। भवानी भीख शुक्ला की पत्नी जुगरानी शुक्ला ब्लॉक प्रमुख हैं।
ब्लॉक परिसर में चल रहे थे दो कार्यक्रम
सभागार में संघ ने विजयदशमी की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की थी। बैठक में बीजेपी ब्लॉक प्रमुख जुगरानी शुक्ला, पति भवानी भीख शुक्ला और दो बेटों के साथ आई थीं। इसी सभागार में जीएसटी में मिली छूट को लेकर धन्यवाद कार्यक्रम भी चल रहा था। भाजपा विधायक बावन सिंह और उनके बेटे गौरव उर्फ मोनू सिंह कार्यक्रम में मौजूद थे।
मीटिंग करने को लेकर हुआ विवाद
कार्यक्रम के बाद ब्लॉक सभागार में दोनों पक्षों के लोग मीटिंग करना चाह रहे थे। इसी को लेकर विवाद शुरू हो गया। शाम 4 बजे दोनों पक्षों में नारेबाजी के बाद मारपीट होने लगी। सभागार में तोड़फोड़ शुरू हो गई। कुर्सियां तोड़ी गईं।
पढ़ें :- सबसे कर्म उम्र में सुपरस्टार मोहनलाल ने पाया दादा साहब फाल्के पुरस्कार, मंगलवार को राष्ट्रपति ने किया पुरस्कृत
3 थानों की फोर्स मौके पर पहुंचीं
दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में परिसर में जुट गए। पथराव होने लगा। 3 थानों की फोर्स और पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। हालात को किसी तरह संभाला गया। करीब आधा घंटे तक बवाल चला।मारपीट में भाजपा ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि के बेटे समेत 6 लोग घायल हैं। इनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार में इलाज चल रहा है।
दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख और उनके पति धरने पर बैठ गए। विधायक पक्ष से आलोक सिंह, अतुल सिंह और कमल ठाकुर घायल हुए हैं। वहीं भवानी भीख शुक्ल के पक्ष से भगवान शुक्ला और शिव भगवान शुक्ल घायल हुए हैं। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विद्याभूषण द्विवेदी ने कहा कि मेरे बगल से गोली निकली है। विधायक पक्ष की तरफ से तहरीर दी गई है।
भाजपा विधायक बावन सिंह में समर्थकों के साथ कटरा बाजार थाना पैदल ही निकल चुके हैं। ब्लॉक से 100 मीटर दूर थाना है। कटरा थाने पर डीएम प्रियंका निरंजन और एसपी विनीत जायसवाल पहुंचे।
Read More at hindi.pardaphash.com