TMC-कांग्रेस समेत अन्य दल तुष्टिकरण के आगे टेक चुके हैं घुटने, ये सत्ता की भूख के लिए घुसपैठ को दे रहे बढ़ावा: पीएम मोदी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने TMC सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, भाजपा के पास…पश्चिम बंगाल के विकास का एक ठोस प्लान है…एक रोडमैप है। लेकिन TMC-विकास की दुश्मन है। इसका साक्षी ये दमदम क्षेत्र भी है, ये कोलकाता के सबसे अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में से एक है। देश के ऐसे शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए स्मार्ट सिटी मिशन चल रहा है। लेकिन TMC सरकार ने इस मिशन से जुड़ने से भी इनकार कर दिया। लोगों को असुविधा होती रहे, विकास ठप्प होता रहे, लेकिन TMC का मिशन जैसे-तैसे भाजपा को रोकना है, केंद्र की योजनाओं को रोकना है।

पढ़ें :- जब तक बंगाल में TMC की सरकार रहेगी, तब तक यहां का विकास अवरुद्ध रहेगा: पीएम मोदी

BJP सरकार, पूरे गर्व के साथ बांग्ला भाषा और बांग्ला संस्कृति को सशक्त करने में जुटी है। ये हमारा सौभाग्य है कि हमें बांग्ला भाषा को, Classical Language यानि शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने का अवसर मिला। इस बार लाल किले से मैंने देश की एक बहुत बड़ी चिंता की बात की है। ये चिंता घुसपैठ के बढ़ते खतरे की है। कोलकाता के और पश्चिम बंगाल के लोग समय से आगे की सोचते हैं, इसलिए आपके बीच मैं लगातार इस बहुत बड़ी राष्ट्रीय चुनौती की चर्चा करता रहा हूं।

पीएम ने कहा, घुसपैठियों को हम भारत में नहीं रहने देंगे। इसलिए भारत सरकार ने घुसपैठियों के खिलाफ इतना बड़ा अभियान चलाया हुआ है। मुझे हैरानी है कि TMC- कांग्रेस समेत कुछ राजनीतिक दल…तुष्टिकरण के आगे घुटने टेक चुके हैं। ये राजनीतिक दल, सत्ता की भूख के लिए घुसपैठ को बढ़ावा दे रहे हैं। आजकल आप देखते हैं कि जिन देशों को विकसित कहा जाता है, जिनके पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है, वहां घुसपैठियों के खिलाफ मुहिम चल रही है।
ये देश अब घुसपैठियों को ज्यादा नहीं सह सकता।

साथ ही कहा, पश्चिम बंगाल तो सीमावर्ती राज्य है। जिस प्रकार बॉर्डर के इलाक़ों में डेमोग्राफी बदली जा रही है, ये पश्चिम बंगाल में सामाजिक संकट भी पैदा कर रहा है। खासतौर पर किसानों से धोखाधड़ी करके उनकी जमीन और कब्जा किया जा रहा है, आदिवासियों को गुमराह करके उनकी जमीन हड़पी जा रही है। देश ये सहन नहीं कर सकता, इसको रोकना ही होगा। इसलिए इस बार लाल किले से मैंने घुसपैठ के खिलाफ विशेष डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की है। जो लोग यहां हमारे लोगों की रोजी-रोटी छीनने आए हैं, जो फर्जी तरीके से कागज बनाकर रुक गए हैं…उनको यहां से जाना ही होगा। और ये काम ईमानदारी से पूरा हो सके…इसके लिए TMC सरकार को भी यहां से जाना ही होगा।

उन्होंने आगे कहा, इस बार लोकसभा में भाजपा सरकार एक बहुत बड़ा anti corruption bill लेकर आई है। हमारे देश में अगर एक छोटे कर्मचारी को पुलिस ने जेल में बंद कर दिया और उसको जमानत नहीं मिली और वो 50 घंटे जेल में रह गया, तो उसकी नौकरी चली जाती है, उसको सस्पेंड कर दिया जाता है। लेकिन कोई मुख्यमंत्री, कोई मंत्री, प्रधानमंत्री जेल चला जाए, तो उसके लिए कोई कानून नहीं है। हालत देखिए, आजकल कुछ लोग इतने गिरे हुए हैं कि जेल से भी सरकार चलाने की कोशिश कर रहे हैं।

पढ़ें :- भाजपा विधायक देश के सैनिकों से कर रहे हैं वसूली, यूपी में मंत्री से लेकर संतरी तक सभी आकंठ भ्रष्टाचार में हैं डूबे : अजय राय

TMC के एक मंत्री टीचर्स घोटाले में आज तक जेल में हैं। शिक्षक भर्ती का गंभीर घोटाला… घर से नोटों का पहाड़ मिला…लेकिन तब भी वो मंत्री कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं थे। TMC के एक और मंत्री पर गरीबों का राशन लूटने का आरोप है। इनकी भी करोड़ों रुपए की संपत्ति ज़ब्त हो चुकी है। ये मंत्री भी जेल जाने के बाद कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं थे। क्या ऐसे लोगों को सरकार में अपने पद पर रहने का हक है?

पीएम ने कहा, हमने देखा है कि मुख्यमंत्री तक जेल जाते हैं और जेल से सरकार चलाते हैं। ये संविधान का और लोकतंत्र का सरासर अपमान है। मोदी, संविधान का ये अपमान होते हुए नहीं देख सकता। इसलिए, मैंने तय किया कि ये सब नहीं चल सकता। मंत्री हो या मुख्यमंत्री, इतना ही नहीं प्रधानमंत्री को भी सख्त कानून के दायरे में लाया हूं। अगर पीएम भी 30 दिन जेल में रहे और उन्हें जमानत न मिले, तो अगले दिन उनकी कुर्सी भी चली जाएगी।

 

 

पढ़ें :- अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाना है, तो कोई भी नहीं होना चाहिए कार्रवाई से बाहर: पीएम मोदी

Read More at hindi.pardaphash.com