सीजफायर के लिए तैयार कंबोडिया, भारत ने जारी की एडवाइजरी… थाईलैंड जंग में अब तक क्या-क्या हुआ? 10 बड़ी बातें

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद एक बार फिर हिंसक हो गया है. दोनों देशों की सेनाओं के बीच दो दिन से भारी गोलीबारी चल रही है, जिसमें अब तक 19 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों घायल हैं. इस बीच कंबोडिया ने संयुक्त राष्ट्र में ‘तुरंत और बिना शर्त संघर्षविराम’ की मांग की है, जबकि थाईलैंड ने भी बातचीत के संकेत दिए हैं. 

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रही सीमा झड़पों को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. कंबोडिया की राजधानी स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे वर्तमान हालात को देखते हुए सीमा क्षेत्रों की यात्रा से बचें. दूतावास की ओर से शुक्रवार (25 जुलाई, 2025) को जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि जो भी भारतीय नागरिक कंबोडिया या आसपास के इलाकों में हैं, वे थाईलैंड से लगी सीमा पर जाने से फिलहाल परहेज करें. वहां स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और सुरक्षा जोखिम बढ़ गया है.

अगर किसी भी भारतीय नागरिक को आपात स्थिति में मदद की आवश्यकता हो, तो वे भारतीय दूतावास, फ्नोम पेन्ह से निम्नलिखित माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं. फोन: +855 92881676, ईमेल: [email protected] 

अब तक क्या-क्या हुआ है? जानिए 10 बड़ी बातें

1. कंबोडिया की संयुक्त राष्ट्र में अपील

संयुक्त राष्ट्र में कंबोडिया के राजदूत चिआ केओ ने कहा कि उनका देश युद्ध नहीं चाहता. उन्होंने कहा, “हम एक छोटे देश हैं, हमारे पास वायुसेना नहीं है, हम बड़ी सेना वाले थाईलैंड पर हमला नहीं कर सकते. हम सिर्फ शांति चाहते हैं.”

2. थाईलैंड ने बातचीत के दिए संकेत

थाई विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि उनका देश मलेशिया की मदद से भी शांति वार्ता को तैयार है, लेकिन अभी तक उन्हें कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं मिला है.

3. मलेशिया ने की ये पहल

मलेशिया, जो ASEAN (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) का अध्यक्ष है, उसने मध्यस्थता की पेशकश की है. प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि दोनों देश संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं, लेकिन उस पर अमल करने में थोड़ा वक्त लगेगा.

4. सीमा पर भारी गोलीबारी

शुक्रवार (25 जुलाई, 2025) को तड़के 4 बजे फिर से तीन जगहों पर लड़ाई शुरू हो गई. कंबोडियाई सेना ने भारी तोप, फील्ड आर्टिलरी और रूसी BM-21 रॉकेट सिस्टम से हमला किया. जवाब में थाई सेना ने भी उचित जवाबी कार्रवाई की.

5. झड़प की क्या थी वजह?

बुधवार (23 जुलाई, 2025) को सीमा के पास एक लैंडमाइन विस्फोट में 5 थाई सैनिक घायल हो गए थे. इसके बाद गुरुवार से छह जगहों पर लड़ाई शुरू हो गई, जिनमें दो प्राचीन मंदिरों के इलाके भी शामिल हैं.

6. अब तक कितने लोग मारे गए?

थाई स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 14 आम नागरिक, एक सैनिक और बाकी अन्य घायल हैं. करीब 1.38 लाख लोगों को सीमा क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

7. दोनों देशों ने एक-दूसरे पर लगाए ये आरोप

थाईलैंड ने कंबोडिया पर अस्पताल और पेट्रोल पंप जैसे आम नागरिकों के ढांचे को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. दोनों देशों ने एक-दूसरे पर पहले गोली चलाने का आरोप लगाया है.

8. पुराने मंदिर को लेकर क्या है विवाद?

सीमा पर झगड़े की जड़ एक 7वीं शताब्दी का हिंदू मंदिर है, जिस पर दोनों देश अपना अधिकार जताते हैं. अंतरराष्ट्रीय अदालत ने 2013 में फैसला कंबोडिया के पक्ष में दिया था, लेकिन थाई सेना उस क्षेत्र में अब भी सक्रिय है.

9.  संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने क्या कहा?

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है.

10.  क्या युद्ध में बदलेगी स्थिति?

थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर हालात नहीं संभले तो ये युद्ध में बदल सकता है. फिलहाल ये झड़प सीमित इलाके तक ही है.

ये भी पढ़ें-

6 सेकंड में 40 वॉरहेड दागने की क्षमता… जानिए रूसी हथियार BM-21 के बारे में, जिससे कंबोडिया ने थाईलैंड में मचाई तबाही

 

Read More at www.abplive.com