पटना। बिहार दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीवान में कई विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किए। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, सिवान की ये धरती हमारे स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरक स्थली है। ये हमारे लोकतंत्र को, देश को, संविधान को ताकत देने वाली भूमि है। आज इस मंच से हजारों, करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। विकास की ये सारी परियोजनाएं बिहार को उज्ज्वल भविष्य की तरफ ले जाएगी, समृद्ध बिहार बनाएंगी।
पढ़ें :- PM Modi Bihar Visit: लालू परिवार पर जमकर बरसे नीतीश कुमार, कहा-इन्होंने कोई काम नहीं किया, आज कर रहे हैं अनाप-शनाप प्रचार
उन्होंने आगे कहा, आप सब जानते हैं कि मैं कल ही विदेश से लौटा हूं। इस दौरे में मेरी दुनिया के बड़े-बड़े समृद्ध देशों के नेताओं से बात हुई। सारे नेता, भारत की तेज प्रगति से बहुत प्रभावित हैं। वो भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं। और इसमें बिहार की निश्चित तौर पर बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। बिहार समृद्ध होगा और देश की समृद्धि में भी बड़ी भूमिका निभाएगा। मेरे इस विश्वास का कारण बिहार के आप सभी लोगों का सामर्थ्य है। आपने मिलकर बिहार से जंगलराज का सफाया किया है। यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी।
पीएम मोदी ने आगे कहा, मेरे बिहारी भाई-बहन कठिन से कठिन परिस्थिति में काम करके दिखा देते हैं। वो कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करते। लेकिन, पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को बहुत ठेस पहुंचाई है। इन लोगों ने ऐसी लूट-खसोट मचाई की गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई। अनेक चुनौतियों को पार करते हुए नीतीश जी के नेतृत्व में NDA सरकार बिहार को विकास की पटरी पर वापस लाई है। और मैं बिहार वासियों को विश्वास दिलाने आया हूं कि हमने भले बहुत कुछ किया हो, करते रहे हैं, करते रहेंगे। लेकिन इतने से शांत होकर रहने वाला मोदी नहीं है। मुझे तो अभी बिहार के लिए और भी बहुत कुछ करना है।
पिछले 10 वर्षों में बिहार में करीब 55 हजार किमी ग्रामीण सड़कें बनी हैं। 1.5 करोड़ से अधिक घरों को बिजली के कनेक्शन से जोड़ा गया है। 1.5 करोड़ घरों को पानी का कनेक्शन दिया गया है। 45 हजार से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर बनाए गए हैं। बिहार की प्रगति के लिए हमें ये गति लगातार बढ़ाते रहना है। आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए, आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपको बहुत ही सतर्क रहना है। समृद्ध बिहार की यात्रा पर ब्रेक लगाने के लिए तैयार बैठे लोगों को कोसों दूर रखना है।
उन्होंने आगे कहा, बीते एक दशक में रिकॉर्ड 25 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को पराजित किया है। वर्ल्ड बैंक जैसी जानी-मानी संस्थाएं भारत की इस उपलब्धि की प्रशंसा कर रही हैं। भारत ने ये जो कमाल किया है, इसमें बिहार का, यहां नीतीश जी की सरकार का बहुत बड़ा योगदान है।
बीते एक दशक में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर मिल चुके हैं। ये सिर्फ चार दीवारें नहीं हैं, उन घरों में सपने सजते हैं, उन घरों में संकल्प पलते हैं। आने वाले समय में 3 करोड़ पक्के घर और तैयार होने जा रहे हैं। सेवा के काम में मैं रुकने वाला नहीं हूं। मोदी चैन की नींद नहीं सोएगा, वो दिनरात काम करता रहेगा, आपके लिए करता रहेगा।
पढ़ें :- झूठ और फरेब के बनाये इस चक्रव्यूह को तोड़ने जा रहा हूं, तैयार रहना…तेज प्रताप यादव का बड़ा एलान
पीएम मोदी ने आगे कहा, RJD-कांग्रेस की करतूतें और इनके कारनामें बिहार विरोधी हैं, निवेश विरोधी हैं। जब भी ये लोग अपने मुंह से विकास की बात करते हैं, तो लोगों को दुकान, कारोबार, उधोग-धंधे सबमें ताले लटकते नजर आते हैं। इसलिए ये बिहार के नौजवानों के दिल में कभी भी जगह नहीं बना पाए।
Read More at hindi.pardaphash.com