पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत दुश्मन देश पाकिस्तान के साथ सभी रिश्ते खत्म कर रहा है। पहले 1960 से चल रही सिंधु जल संधि सस्पेंड कर दी। अटारी बॉर्डर, एयर स्पेस और समुद्री क्षेत्र पाकिस्तान के लिए बंद कर दिया और अब पाकिस्तान के साथ व्यापारिक संबंध भी तोड़ दिए। भारत के केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अधीन विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने नोटिफिकेशन जारी करके पाकिस्तान से व्यापार संबंध तोड़ दिए।
आदेशों के अनुसार, अब पाकिस्तान को भारत की तरफ से न कोई सामान भेजा जाएगा और न ही पाकिस्तान से कोई चीज मंगवाई जाएगी। प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष या थर्ड पार्टी के जरिए होने वाले सभी तरह के आयात-निर्यात अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेंगे। हालांकि इस फैसले का दोनों देशों पर असर पड़ेगा, लेकिन भारत की सख्ती से पहले से ‘कंगाल’ पाकिस्तान और कंगाल हो सकता है। व्यापार बंद होने का असर पाकिस्तान पर अधिक गंभीर पड़ेगा, क्योंकि वह भारत से सस्ती और आवश्यक वस्तुओं के लिए निर्भर है। पढ़ें ये एक्सप्लेनर…
भारत पाकिस्तान में क्या आयात-निर्यात होता?
पाकिस्तान से भारत तरबूज, खरबूज, सीमेंट, सेंधा नमक, ड्राइ फ्रूट्स, पत्थर, चूना, कॉटन, स्टील, चश्मों के ऑप्टिकल्स, कार्बनिक केमिकल्स, मेटल कंपाउंड, चमड़े का सामान, फल, खजूर, तांबा, सल्फर, ऊनी कपड़े, कपड़ा, कुर्ते, चप्पल, मुल्तानी मिट्टी आदि मंगवाता है। वहीं भारत से पाकिस्तान कपास, फल, सब्जियां, चाय, मसाले, चीनी, तिलहन, पशु चारा, डेयरी उत्पाद, प्लास्टिक प्रोडक्ट्स, फार्मास्यूटिकल्स, नमक, मोटर पार्ट्स, रंग, कॉफी मंगवाता है।
कौन-कौन से देश भारत के समर्थन में आए?
पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने जो रुख अपनाया हुआ है और भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करने का जो फैसला लिया है। उसके समर्थन में रूस, अमेरिका, ब्रिटेन, कुवैत, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा, जर्मनी, ताइवान, जॉर्डन, इजरायल, मिस्त्र, फ्रांस, इटली, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान समेत कई देश है। इन देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने नप सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी से बात करके पहलगाम आतंकी हमले पर शोक जताया, बल्कि भारत को अपना समर्थन भी दिया। वहीं पाकिस्तान को चीन और तुर्की का समर्थन मिला है। चीन पाकिस्तान को हथियार और असलहा उपलब्ध करा सकता है।
दोनों देशों पर क्या होगा असर?
14 फरवरी 2019 को पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत पाकिस्तान के बीच व्यापारिक संबंधों में कमी आई थी। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत पाकिस्तान के बीच आयात-निर्यात पर पूरी तरह प्रतिबंधित हो गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच सीधा व्यापार बहुत ही थोड़ा है, लेकिन यह व्यापार बंद होने से भारत को ज्यादा नुकसान हो न हो, लेकिन पाकिस्तान जरूर आर्थिक रूप से और कमजोर हो जाएगा। व्यापार बंद होने से ज्यादा नुकसान पाकिस्तान के उन व्यापारियों को होगा, जो दुबई के जरिये अपना माल भारत भेजते हैं।
आंकड़े कहते हैं कि UAE के जरिये भारत और पाकिस्तान के बीच करीब 10 बिलियन डॉलर का व्यापार हो रहा था, लेकिन अब यह व्यापार पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। भारत सरकार के पाकिस्तान के साथ व्यापार संबंध खत्म करने के फैसले का सीधा असर उन व्यापारिक सौदों पर पड़ेगा, जिनमें पाकिस्तान से वस्तुओं का आयात होता था या जहां पाकिस्तान किसी सप्लाई चेन का हिस्सा था, क्योंकि भारत सरकार ने साफ संदेश दिया है कि अगले आदेश तक फैसला लागू रहेगा। भारत सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के मामलों में कोई समझौता नहीं करेगा।
पाकिस्तान पर प्रभाव
आयात बंद होने से खर्चा बढ़ेगा, क्योंकि भारत से मिलने वाली चीजें पाकिस्तान को चीन, तुर्की, श्रीलंका से मंगवानी पड़ेंगी, जहां से यह चीजें महंगी मिलेंगी और समय भी ज्यादा लगेगा। साल 2024 में भारत से पाकिस्तान का निर्यात 1.2 बिलियन डॉलर था, लेकिन अब व्यापार बंद होने से पहले से पाकिस्तान की कमजोर अर्थव्यवस्था पर और दबाव पड़ेगा। पाकिस्तान को अब भारत से सस्ती दवाइयां और कच्चा माल नहीं मिलेगा। रोजमर्रा की घर में इस्तेमाल होने वाली चीजों की कमी होने से कीमतें बढ़ेंगी, जिससे महंगाई बढ़ेगी, जिसका असर निम्न और मध्यम वर्ग पर पड़ेगा। दुबई, सिंगापुर के जरिए अप्रत्यक्ष व्यापार बंद होने से भी लागत बढ़ेगी। भारत के साथ व्यापारिक संबंध टूटने से विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ेगा। पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय छवि को और नुकसान पहुंचेगा।
भारत पर प्रभाव:
सीमित आर्थिक प्रभाव:
भारत का पाकिस्तान के साथ व्यापार कुल व्यापार का 0.06% से भी कम है (2024-25 में 500 मिलियन डॉलर से कम)। इसलिए, अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा।
भारत पाकिस्तान से मुख्य रूप से सेंधा नमक, सूखे मेवे, और ऑप्टिकल लेंस आयात करता है। इनकी कीमतें बढ़ सकती हैं, लेकिन भारत के पास सऊदी अरब, यूएई, और ईरान जैसे वैकल्पिक स्रोत हैं।
विशिष्ट वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि:
सेंधा नमक (व्रत और त्योहारों में उपयोग) और सूखे मेवे (बादाम, किशमिश, पिस्ता) की कीमतें 20% तक बढ़ सकती हैं।
अटारी-वाघा बॉर्डर बंद होने से अफगानिस्तान से सूखे मेवों का आयात प्रभावित होगा, जिससे लागत बढ़ेगी।
निर्यात क्षेत्र पर प्रभाव:
भारतीय पंजाब से स्ट्रॉ रीपर और कॉटन यार्न जैसे उत्पादों का निर्यात प्रभावित होगा, लेकिन यह भारत के कुल निर्यात का छोटा हिस्सा है।
फार्मा और मसाला उद्योग पर मामूली असर पड़ेगा, क्योंकि पाकिस्तान इनका बड़ा बाजार नहीं है।
अन्य प्रभाव:
अटारी बॉर्डर बंद होने से भारत-अफगानिस्तान व्यापार पर असर पड़ेगा, जिसके लिए हवाई मार्ग जैसे वैकल्पिक रास्ते तलाशे जा रहे हैं।
भारत की रणनीति तीसरे देशों के जरिए होने वाले 10 बिलियन डॉलर के अप्रत्यक्ष व्यापार को रोकने की है, जिससे पाकिस्तान को ज्यादा नुकसान होगा।
Current Version
May 03, 2025 14:58
Edited By
Khushbu Goyal
Read More at hindi.news24online.com