9.62 लाख ने स्टॉक मार्केट को कहा अलविदा, 80% ने तो सिर्फ चार ब्रोकरेज फर्मों पर किया खाता बंद – groww zerodha angel one upstox lead client exodus in q4 amid market correction

घरेलू स्टॉक मार्केट में बिकवाली की आंधी ने अधिकतर डिस्काउंट ब्रोकरेज फर्मों को भी तगड़ा झटका दिया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक अधिकतर डिस्काउंट ब्रोकरेज फर्म के एक्टिव क्लाइंट बेस गिरे हैं। एनएसई पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक सभी ब्रोकरेज फर्मों के एक्टिव क्लाइंट्स 5.02 करोड़ से 9.62 लाख गिरकर 4.92 करोड़ आ गए। खास बात ये है कि एक्टिव क्लाइंट्स की संख्या में यह जो गिरावट आई है, उसमें से 80 फीसदी से अधिक तो सिर्फ ग्रो (Groww), जीरोधा ब्रोकिंग (Zerodha Broking), एंजेल वन (Angel One), और अपस्टॉक्स सिक्योरिटीज (Upstox Securities) से रहे।

सबसे तगड़ा झटका सबसे बड़े ब्रोकरेज फर्म Groww को

देश के सबसे बड़े ब्रोकरेज फर्म ग्रो को मार्केट की गिरावट का सबसे बड़ा झटका लगा। इसके एक्टिव क्लाइंट बेस में 2.37 लाख की गिरावट आई है और बेस 1.32 करोड़ से गिरकर 1.29 करोड़ पर आ गया। ग्रो के बाद लंबे समय तक सबसे बड़े ब्रोकरेज फर्म रहे और अब दूसरे सबसे बड़े ब्रोकरेज फर्म जीरोधा (Zerodha) को झटका लगा। इसका एक्टिव क्लाइंट बेस तिमाही आधार पर 81.2 लाख से 2.31 लाख गिरकर 78.89 लाख पर आ गया। एंजेल वन का एक्टिव क्लाइंट बेस 1.76 लाख गिरकर 77.54 लाख से 75.78 लाख पर आ गया। इसी प्रकार अपस्टॉक्स के भी एक्टिल क्लाइंट्स मार्च तिमाही में तिमाही आधार पर 1.39 लाख गिरकर 28.87 लाख से 27.47 लाख पर आ गया।

इन ब्रोकरेज फर्मों के बढ़े यूजर्स

स्टॉक मार्केट में बिकवाली की आंधी के चलते अधिकतर डिस्काउंट ब्रोकरेज फर्मों के एक्टिव क्लाइंट बेस में गिरावट आई। वहीं कुछ ऐसे भी रहे जो इस आंधी में डटे रहे और यूजर्स जोड़े। सबसे अधिक यूजर्स एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने जोड़े और इसका एक्टिव क्लाइंट बेस जनवरी-मार्च 2025 में तिमाही आधार पर 1.05 लाख बढ़कर 14.20 लाख से बढ़कर 15.25 लाख, इंडमनी (INDMoney) का 44 हजार बढ़कर 7.92 लाख से बढ़कर 8.36 लाख और धन (Dhan) की मनीलिसियर सिक्योरिटीज (Moneylicious Securities) का क्लाइंट बेस 39 हजार बढ़कर 9.33 लाख से 9.72 लाख पर पहुंच गया।

Read More at hindi.moneycontrol.com