
सागरिका घाटगे।
फिल्मों में आना और फिर किस्मत चमकना नसीब की बात है। सितारे फिल्मों में आने के बाद भी अपने नाम का सिक्का नहीं चला पाते हैं। आज हम एक बला की खूबसूरत एक्ट्रेस के बारे में आपको बताएंगे, जो शाही परिवार से आती हैं और अपनी अदाओं से लोगों का दिल जीतने में कामयाब रहीं। पहली ही फिल्म में इन्हें हर किसी ने नोटिस किया और करते भी क्यों न, आखिर पहली ही फिल्म शाहरुख खान के साथ जो थी। खूबसूरती के अलावा इनकी एक्टिंग की भी काफी तारीफ हुई, लेकिन इसके बाद भी इन्हें वैसा काम नहीं मिला, जिसकी ये चाहत रखती थीं। अपने हिचकोले खाते करियर के बीच ही ये स्टार क्रिकेटर के प्यार में पड़ गईं। दोनों के रोमांस ने लोगों का खूब ध्यान खींचा। फिर ये शाही हसीना क्रिकेटर की पत्नी बनीं और अब सालों के इंतजार के बाद मां बन गई हैं। लंबे इंतजार के बाद इन्होंने अपने पहले बेबी को वेलकम किया है।
हॉकी की खिलाड़ी थी ये एक्ट्रेस
अब तो आप समझ ही गए होंगे कि आखिर ये हसीना हैं कौन? अगर थोड़ा भी डाउट है तो हम उसे झट से दूर कर देते हैं और आपको इनके बारे में बताते हैं। ये कोई और नहीं बल्कि ‘चक दे इंडिया’ से सुर्खियां बटोरने वाली सागरिका घाटगे हैं, जिनकी फिल्मों से ज्यादा इनकी लव लाइफ और शाही स्टेटस के चर्चे रहे हैं। फिल्म ‘चक दे इंडिया’ में अपने शानदार अभिनय से सभी को प्रभावित करने वाली सागरिका घाटगे ने शाहरुख खान की हिट फिल्म में प्रीति सभरवाल का किरदार निभाया था। रियल लाइफ में भी सागरिका घाटगे राष्ट्रीय स्तर की हॉकी खिलाड़ी थीं। खेल की उन्हें पूरी समझ थी, यही वजह थी कि उनके हाथ ये फिल्म लगी।
शही परिवार से है नाता
सागरिका किसी आम परिवार से नहीं आती, बल्कि उनका नाता एक शाही परिवार से है। एक्ट्रेस के पिता विजयसिंह घाटगे कागल के शाही परिवार के राजा हैं। साल 2017 में सागरिका ने स्टार क्रिकेटर जहीर खान से शादी की। दोनों की शादी काफी चर्चा में रही। दोनों ने लंबी डेटिंग के बाद शादी का फैसला किया था। एक ओर उन्हें खासा फिल्में नहीं मिल रही थीं, वहीं दूसरी ओर उनकी लव लाइफ के चर्चे हो रहे थे। पहली बार एक्ट्रेस युवराज सिंह और हेजल कीच की शादी में जहीर खान का हाथ थामे पहुंची थीं और यहीं से जगजाहिर हो गया था कि दोनों का अफेयर है। पहली पब्लिक अपीयरेंस के एक साल बाद दोनों ने शादी का फैसला किया और साल 2017 में शादी के बंधन में बंध गए।
सालों बाद अब बनीं मां
शादी के 8 साल बाद एक्ट्रेस मां बनीं हैं। कई सालों तक औलाद की चाहत में रहीं एक्ट्रेस ने हाल ही में बेबी बॉय को वेलकम किया है। उन्होंने बेबी का नाम फतेहसिन खान रखा है। वैसे गौर करने वाले बात है कि एक्ट्रेस प्रेग्नेंट नहीं थीं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि उनके बेबी का जन्म सेरोगेसी के जरिए हुआ है। एक्ट्रेस ने फिलहाल इसके बारे में आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। बता दें, अपने करियर में सागरिका ने ‘मिले न मिले हम’, ‘फॉक्स’ और ‘रश’ जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया। हिंदी के अलावा उन्होंने मराठी और पंजाबी फिल्मों में भी काम किया है। शादी से पहले उनकी आखिरी फिल्म 2017 में आई फिल्म ‘इरादा’ थी। लंबे ब्रेक के बाद एक्ट्रेस ने ओटीटी से वापसी की। साल 2020 में नजर आने के बाद बीते साल भी ओटीटी पर दिखीं।
Latest Bollywood News
Read More at www.indiatv.in