बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस की बैठक चल रही है। इस बैठक को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, कांग्रेस पार्टी के लिए बेलगावी की धरती पवित्र भूमि है। यहां श्री लोकमान्य तिलक जी ने ‘होमरूल लीग आंदोलन’ शुरू किया था। यहीं पर 100 साल पहले महात्मा गांधी जी कांग्रेस अध्यक्ष बने थे।आज हम सुवर्ण सौध गए। जहां एक चित्र बना है, जिसमें बसवन्ना जी बैठे हैं और उनके सामने अक्का महादेवी जी खड़ी हैं। ये चित्र कर्नाटक की लोकतांत्रिक परंपरा को दर्शाता है। जहां लोकतंत्र, लोगों की भागीदारी, समानता- बहुत पुराने उसूल हैं। ये वही उसूल हैं, जिन पर हमारा स्वतंत्रता संग्राम चला और महात्मा गांधी जी ने ‘सत्याग्रह’ किया।
पढ़ें :- बीजेपी बंद कर देगी दिल्ली में मोहल्ला क्लिनिक और सरकारी स्कूलों में मिलने वाली फ्री शिक्षा : अरविंद केजरीवाल
उन्होंने कहा, हमारा स्वतंत्रता संग्राम दुनिया का ऐसा अनूठा संग्राम रहा, जो सत्य और अहिंसा के आधार पर लड़ा गया। इस संग्राम में गांधी जी, नेहरू जी, सरदार पटेल जी, अंबेडकर जी समेत तमाम स्वतंत्रता सेनानियों ने कहा कि हम हिंसा का मुकाबला सत्य-अहिंसा से करेंगे और अंग्रेजों को शिकस्त देंगे। जहां दुनिया में अलग-अलग जगह आजादी के लिए हिंसा हुई, खून की नदियां बहीं, वहीं हमारे स्वतंत्रता संग्राम में अहिंसा के आधार पर नैतिक बल से अंग्रेजी साम्राज्य को गिराया गया।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा, मोदी सरकार, राहुल गांधी से डरती है। मेरे बड़े भाई राहुल जी हर रोज संविधान के लिए लड़ते हैं। वे इसके लिए जान देने को तैयार हैं। जब राहुल गांधी संसद में आपकी आवाज उठाते हैं, तब मोदी सरकार संसद को रद्द करने की कोशिश करती है, क्योंकि वो उनसे डरती है। मोदी सरकार के लोग राहुल गांधी जी को देखकर कांपते हैं, क्योंकि वे सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं। ये लोग राहुल जी के ऊपर तमाम केस लगा रहे हैं, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं।
उन्होंने आगे कहा, देश के आजाद होने पर बाबा साहेब अंबेडकर जी की अगुवाई में स्वतंत्रता संग्राम से उभरे सिद्धांतों के आधार पर संविधान बना। संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, बल्कि देश के हर नागरिक का रक्षा कवच है। संविधान बनाने वाले बाबा साहेब अंबेडकर जी दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और गरीबों के मसीहा हैं। वे सामाजिक न्याय और अधिकार का प्रतीक हैं।
बाबा साहेब ने संविधान देकर लोकतंत्र को सुरक्षित किया और लोगों को अधिकार दिए। जैसे- न्याय का अधिकार, समानता का अधिकार, वोट डालने का अधिकार। साथ ही कहा, हमारी विचारधारा RSS-BJP की तरह कायरों की विचारधारा नहीं है। हमारी विचारधारा संविधान है, हम इसके लिए मरने को तैयार हैं। हम लोगों को न्याय और समानता दिलाने के लिए, लोकतंत्र की रक्षा के लिए मर मिटने को तैयार हैं। हमारी परंपरा शहीदों की परंपरा है। हमारी परंपरा जेल से चिट्ठी लिखने वालों की नहीं है।
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, BJP-RSS के लोग संविधान विरोधी हैं, क्योंकि वे आरक्षण को कमजोर करना चाहते हैं। BJP के लोग सामाजिक न्याय के खिलाफ बयान देते हैं। न्यायपालिकाओं और RTI जैसे कानूनों को कमजोर करते हैं। BJP ने SEBI के कानून को बदला ताकि भ्रष्टाचार बढ़ सके। लोकपाल बिल को कमजोर किया और चुनाव आयोग को शक्तिहीन बना दिया। BJP की सरकारें महिलाओं के साथ अपराध होने पर अपराधियों को बचाती हैं। इन्होंने लेबर लॉ बदलकर मजदूरों के हक छीने। तीन काले कानून लाए, जिसके विरोध में किसानों ने आंदोलन किया, उसमें 700 से ज्यादा किसान शहीद हो गए, लेकिन BJP सरकार पीछे तब हटी, जब चुनाव आए।
पढ़ें :- आसमान छूती महंगाई के कारण अब न सिर्फ़ ग़रीब बल्कि सैलरीड क्लास भी अपनी ज़रूरतों के लिए लोन लेने को मजबूर : राहुल गांधी
प्रियंका गांधी ने आगे कहा, देश में कई पार्टियों की सरकार रही, लेकिन…कोई ऐसी सरकार नहीं आई, जिसका गृह मंत्री संसद में खड़े होकर बाबा साहेब का अपमान कर सके। कोई ऐसी सरकार नहीं आई, जिसके नेताओं ने कहा कि हम संविधान बदल देंगे। कोई ऐसा नहीं कह सकता कि हमें आजादी 1947 में नहीं मिली। किसी ने नहीं सोचा था कि सत्ता में बैठे लोग संविधान को कमजोर करने की बात करेंगे और बाबा साहेब अंबेडकर जी जैसे मसीहा का संसद में अपमान होगा। बाबा साहेब का अपमान कर गृह मंत्री ने लोकतंत्र और तमाम स्वतंत्रता सेनानियों-शहीदों का अपमान किया है, जिन्होंने देश के लिए सबकुछ न्योछावर कर दिया।
Read More at hindi.pardaphash.com